Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

हाथरस की यूट्यूबर छवि की भीषण सड़क हादसे में मौत, उज्जैन जाते वक्त ट्रक में घुसी कार, मां ने भी तोड़ा दम

  • हाथरस की यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की मध्य प्रदेश में एक सड़क हादसे में मौत हो गई

महाकाल के दर्शन की आस में घर से निकला एक परिवार रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। मध्य प्रदेश के आगर जिले में उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर एक तेज सड़क दुर्घटना में हाथरस की 23 साल की यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका की मौत हो गई। दोनों मां-बेटी जिस कार से उज्जैन जा रही थीं, वह मंगलवार सुबह आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसा रामाखेड़ी गांव के पास हुआ। कार में छवि के अलावा उनके पिता श्यामलाल, मां सारिका, समधी सूरजपाल और चालक सचिन सवार थे। टक्कर के बाद छवि और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं श्यामलाल, सूरजपाल और चालक सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पहले बड़ौद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें आगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।

2021 में शुरू किया था यूट्यूब चैनल

हाथरस जंक्शन क्षेत्र के महौखास गांव की रहने वाली छवि वार्ष्णेय ने कम उम्र में ही सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी पहचान बना ली थी। उनके चचेरे भाई सचिन वार्ष्णेय के मुताबिक, छवि पढ़ाई में भी काफी तेज थीं और ग्रेजुएशन तक की शिक्षा हासिल की थी। वह शुरू से ही कुछ अलग करने और अपनी पहचान बनाने का सपना देखती थीं।

छवि ने साल 2021 में यूट्यूब चैनल शुरू किया था। शुरुआत में वह अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े व्लॉग और वीडियो शेयर करती थीं। धीरे-धीरे उनके कंटेंट को दर्शकों का प्यार मिलने लगा और चैनल तेजी से लोकप्रिय होता गया। बाद में उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया।

यूट्यूब पर 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर

छवि की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनके यूट्यूब चैनल पर सात लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे। इंस्टाग्राम पर भी उन्हें एक लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते थे। सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ती लोकप्रियता ने उन्हें अपने इलाके की चर्चित डिजिटल क्रिएटर बना दिया था। परिवार भी उनके इस सफर में उनके साथ खड़ा रहा। उनके पिता श्यामलाल गांव में किराने की दुकान चलाते हैं और परिवार ने छवि को अपने सपने पूरे करने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया। मृतक छवि के परिवार में मां, पिता और एक बड़ा भाई कान्हा (26) हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *