आगरा : भारत ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत में आगरा की बेटी दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी से अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 3 विकेट लिए।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 183 रन बनाए। दीप्ति बल्लेबाजी में 5 रन ही बना सकीं और रन आउट हो गईं। इसके बाद गेंदबाजी में उन्होंने शानदार वापसी की। श्रीलंका के 3 अहम विकेट चटकाए।
दीप्ति की कसी हुई गेंदबाजी के सामने श्रीलंका के बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके। पूरे टूर्नामेंट में भी दीप्ति का प्रदर्शन अच्छा रहा है। फाइनल में 3 विकेट लेकर उन्होंने एक बार फिर टीम की जीत में बड़ा योगदान दिया।
दीप्ति की जीत पर आगरा में जश्न
दीप्ति के एशिया कप जीतने के बाद आगरा स्थित उनके घर और मोहल्ले में जश्न का माहौल है। फाइनल मुकाबला परिवार और कॉलोनी के लोगों ने साथ बैठकर देखा। भारत की जीत के साथ ही लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और दीप्ति के परिवार को भी शुभकामनाएं दीं।
दीप्ति के कोच और भाई सुमित शर्मा ने कहा कि पूरे एशिया कप में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। फाइनल में 3 विकेट लेने के साथ उन्होंने बाकी मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दीप्ति ने सिर्फ आगरा ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।
परिवार ने मिठाई खिलाकर मनाई खुशी
भारत की जीत के बाद पिता भगवान शर्मा समेत पूरे परिवार ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। परिवार के सदस्यों ने फोन पर दीप्ति से बात कर उन्हें जीत की बधाई दी। दीप्ति की इस उपलब्धि पर परिवार और मोहल्ले के लोगों को गर्व है।
184 रन के टारगेट के जवाब में 111 पर ऑलआउट हुई श्रीलंका
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए। ओपनर शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़े। शेफाली ने 68 और स्मृति ने 59 रन बनाए।
184 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम 19.6 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से श्री चरणी ने 4 विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट झटके।

