Breaking
Sat. Oct 3rd, 2026

जीएलए विश्वविद्यालय में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित

मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न प्रेरणादायी एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के अंतर्गत गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन, स्वच्छता अभियान, न्यूट्रिशन कैंप, ग्रामीण किसानों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने हेतु अभियान तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में महात्मा गांधी के चित्र का अनावरण किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता एवं कुलसचिव अशोक कुमार सिंह द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन महान विभूतियों के आदर्शों को अपने व्यवहार एवं जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कुलसचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सेवा, जागरूकता और समाज के प्रति संवेदनशीलता को जीवन का हिस्सा बनाकर ही इन महापुरुषों के विचारों को सार्थक किया जा सकता है।

कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने गांधी जी के जीवन एवं विचारों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म देखी तथा स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। वहीं न्यूट्रिशन कैंप के माध्यम से स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। ग्रामीण किसानों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने हेतु अभियान चलाया गया, जबकि वाद-विवाद प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को विचारों की अभिव्यक्ति एवं सामाजिक विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर मिला।

इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हिमांशु शर्मा, फार्मेसी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आशिमा आहूजा, निहारिका सिंह आदि के दिशा-निर्देशन में विभिन्न कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही और उन्हें गांधी जी तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *