नई दिल्ली : वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस सहित INDIA ब्लॉक में शामिल अन्य विपक्षी पार्टियां आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगी। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को ‘चलो दिल्ली-मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया है। विपक्षी नेता दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड जंक्शन पर जुटेंगे।
नेता विपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को CJI सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था, ताकि उन्हें ज्ञापन सौंप सकें। हालांकि, CJI ने मिलने से इनकार कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं।
CJI की तरफ से मुलाकात की मांग खारिज होने पर कांग्रेस ने कहा- उनके फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन हम सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, SIR पर रोक और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहा है। साथ ही 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और उनके मारपीट का विरोध कर रहा है।
विपक्ष ने 9 अक्टूबर को राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपा था ज्ञापन
इससे पहले शुक्रवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं ने संसद से विजय चौक तक मार्च निकाला था। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपकर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंताएं रखी थीं।
राहुल-प्रियंका 4 दिन में 3 बार हिरासत में लिए गए
विपक्षी सांसदों ने 6, 7, 8 और 9 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस दौरान तीन बार राहुल और प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।
दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित होने की आशंका
दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। सुबह 6 बजे से कई प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन लागू किए जाएंगे। इनमें शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान राउंडअबाउट, मंडी हाउस, कनॉट प्लेस, संसद मार्ग, पटेल चौक और अशोक रोड समेत कई इलाके शामिल हैं।
पुलिस ने नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली से रेलवे स्टेशन, ISBT या एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। पुलिस के मुताबिक, ट्रैफिक व्यवस्था को मौके के हालात के अनुसार बदला जाएगा।

