Breaking
Fri. Nov 13th, 2026

माइक्रोसॉफ्ट सिस्टम में खराबी, दिल्ली में 3 फ्लाइट रद्द:2 उड़ानों में देरी; 12 घंटे से ईमेल, मीटिंग सर्विस बंद; खराबी सुधारने की कोशिश नाकाम

शिकागो : माइक्रोसॉफ्ट में आई तकनीकी खराबी का असर अब भारत की हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है। शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट ने इस गड़बड़ी की वजह से दिल्ली से उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइट्स को रद्द कर दिया, जबकि दिल्ली से दरभंगा और मुंबई जाने वाली दो फ्लाइट्स लेट हुईं।

दिल्ली एयरपोर्ट ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस और एयरपोर्ट की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यात्रियों को घर से एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है।

इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने यात्रियों से फ्लाइट से जुड़ी जानकारी और अपडेट पर नजर रखने को कहा है।

दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की जरूरी ऑनलाइन सेवाएं करीब 12 घंटे से ठप हैं। ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने और क्लाउड पर फाइल सेव करने जैसे काम रुक गए हैं। खराबी का असर दफ्तरों तक ही नहीं रहा, बल्कि स्कूल, अस्पताल और कई देशों में सरकारी कामकाज भी ठप हो गए।

वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, दुनियाभर से अकेले माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक न चल पाने की 1.40 लाख से ज्यादा शिकायत मिली हैं। माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से कहा गया है कि सिस्टम में खराबी सॉफ्टवेयर के गलत तरीके से अपडेट होने की वजह से आई, लेकिन अब तक इसे ठीक नहीं किया जा सकता है।

माइक्रोसॉफ्ट की कौन सी सर्विसेज प्रभावित हुईं?

माइक्रोसॉफ्ट की कई ऑनलाइन सेवाएं पूरी दुनिया में एक साथ बंद हो गईं। कंपनी के मुताबिक, रोजमर्रा के कामकाज से जुड़ी कई सेवाएं प्रभावित हुई है। इसमें शामिल हैं:

  • माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक (ईमेल)
  • माइक्रोसॉफ्ट टीम्स (ऑनलाइन मीटिंग और चैट)
  • शेयरपॉइंट ऑनलाइन (फाइल शेयरिंग प्लेटफॉर्म)
  • माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट 365 (AI टूल)
  • माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर (साइबर सुरक्षा सेवा)
  • माइक्रोसॉफ्ट प्लानर और एक्सचेंज ऑनलाइन

भारत सहित दुनियाभर में कामकाज पर क्या असर पड़ा?

जवाब: इस खराबी से लोगों के कई जरूरी काम अटक गए:

भारत में फ्लाइट रद्द: स्पाइस जेट की दिल्ली-पुणे, दिल्ली-लेह और दिल्ली-मुंबई फ्लाइट इस खराबी की वजह से रद्द करनी पड़ी।

एयर इंडिया ने कहा- उड़ानों पर असर नहीं

एयर इंडिया ने बताया कि कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस में आई दिक्कत पर नजर रख रही है। फिलहाल उसकी फ्लाइट ऑपरेशन पर कोई असर नहीं पड़ा है। कंपनी के कम्युनिकेशन चैनल भी सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।

एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों के ईमेल लगातार मिलते रहें, इसके लिए ईमेल ट्रैफिक को कुछ समय के लिए दूसरे रास्ते से भेजा जा रहा है। कंपनी अपने तय 24 घंटे के समय में ईमेल का जवाब दे रही है।

इसके अलावा दुनियाभर में अलग-अलग तरीके से काम प्रभावित हुए हैं..

  • अस्पताल और मदद: कई डॉक्टर मरीजों को ऑनलाइन सलाह नहीं दे पाए।
  • स्कूल और नौकरी: कई स्कूलों में बच्चों की ऑनलाइन क्लास नहीं हो पाई।
  • कारोबार-दफ्तर: कई कंपनियों में सामान के ऑर्डर प्रोसेस नहीं हो पाए।

कितने लोगों ने सर्विस बंद होने की शिकायत की?

वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक यह आउटेज भारतीय समयानुसार गुरुवार रात 9:45 बजे शुरू हुआ।

कितने देश प्रभावित: खराबी शुरू होने के एक घंटे के भीतर इसका असर दुनिया के 74 देशों तक फैल गया और करोड़ों लोगों का डिजिटल कामकाज रुक गया।

कितनी शिकायतें: गुरुवार रात 11:30 बजे के आसपास दुनियाभर में आउटलुक से जुड़ी शिकायतें 1.40 लाख तक पहुंच गईं, जो सामान्य स्तर से 2,000 गुना ज्यादा है।

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, यह आउटेज एक खराब या गलत तरीके से हुए सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण हुआ है। इसके पीछे कोई साइबर अटैक या हैकिंग जैसी घटना नहीं है।

माइक्रोसॉफ्ट ने ये भी कहा कि यह समस्या काफी हद तक जुलाई 2024 में हुई क्राइड स्ट्राइक की घटना जैसी ही है, जहां एक फॉल्टी अपडेट की वजह से परेशानी आई थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *