Breaking
Mon. Nov 16th, 2026

कजाकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीएलए के प्रोफेसर ने गिनाईं शैक्षणिक उपलब्धियां

दैनिक उजाला, मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के एसोसिएट हेड प्रो. कृष्णवीर सिंह ने कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना स्थित नज़रबायेव विश्वविद्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेकर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। बीते दिनों आयोजित हुए इस सम्मेलन का विषय ‘शेपिंग द फ्यूचर ऑफ हायर एजुकेशन: री-इमैजिनिंग टीचिंग एंड लर्निंग क्वालिटी’ था। सम्मेलन में विभिन्न देशों के शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने उच्च शिक्षा को बेहतर बनाने, पढ़ाने के नए तरीकों और विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीएलए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शिक्षण पद्धतियों और प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को भी साझा किया गया। साथ ही, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के विषयों पर विचार रखे गए।

प्रो. कृष्णवीर सिंह

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रो. कृष्णवीर सिंह ने एक महत्वपूर्ण सत्र की अध्यक्षता की। इसके साथ ही उन्होंने एनयू शिक्षण सम्मेलन–2026 में अपनी प्रस्तुति भी दी। उन्होंने शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने, विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी देने और प्रबंधन शिक्षा को रोजगार की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर अपने विचार साझा किए।

सम्मेलन में प्रतिभाग कर लौटे प्रो. सिंह ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शिक्षकों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और शिक्षा को बेहतर बनाने के नए तरीके समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों और प्रतिनिधियों के साथ जीएलए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक साझेदारी को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के आदान-प्रदान, संयुक्त शोध कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर संकाय निदेशक प्रो. अनुराग सिंह और विभागाध्यक्ष प्रो. उत्कल खंडेलवाल ने प्रो. कृष्णवीर सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ऐसे सम्मेलनों में विश्वविद्यालय के शिक्षकों की भागीदारी से उन्हें दूसरे देशों की शिक्षा व्यवस्था और पढ़ाने के नए तरीकों को समझने का अवसर मिलता है। साथ ही, अपने अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने से विश्वविद्यालय की पहचान भी मजबूत होती है।

जीएलए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, सीईओ नीरज अग्रवाल, सीएफओ डॉ. विवेक अग्रवाल, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी प्रो. कृष्णवीर सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में विश्वविद्यालय के शिक्षकों की भागीदारी से शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होते हैं। साथ ही, दूसरे देशों के विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में भी मदद मिलती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *