आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में पार्किंग को लेकर विवाद के दौरान इतिहास विभाग के प्रोफेसर बीडी शुक्ला पर चार छात्राओं से अभद्रता और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। छात्राओं का आरोप है कि प्रोफेसर ने उनका फोन छीनकर फेंक दिया और विरोध करने पर मारने की धमकी दी। गुरुवार शाम हुई घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रोफेसर की आलोचना हो रही है।

आगरा विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ने छात्राओं से अभद्रता की। पार्किंग को लेकर हुआ विवाद
छात्राओं का आरोप- रास्ता रोककर की गाली-गलौज
छात्राओं के मुताबिक, घटना गुरुवार शाम करीब 4 बजे ललित कला संस्थान की बेसमेंट पार्किंग में हुई। चारों छात्राएं अपनी गाड़ी निकालने के लिए बेसमेंट पहुंची थीं। इसी दौरान एक शिक्षक अपनी कार लेकर वहां आ रहे थे। छात्राओं का कहना है कि पार्किंग में किसी की गाड़ी बीच में खड़ी थी। इस पर शिक्षक नाराज हो गए और उन्होंने अपनी कार भी बीच में लगा दी। इससे छात्राओं के निकलने का रास्ता बंद हो गया।
आरोप है कि जब छात्राएं वहां से निकलने लगीं तो शिक्षक ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और गाली-गलौज की। छात्राओं ने विरोध करते हुए कहा कि सर, गाली मत दीजिए। इस पर शिक्षक ने कथित तौर पर कहा कि अभी तो सिर्फ गाली दी है, मारूंगा भी तुमको। छात्राओं का यह भी आरोप है कि शिक्षक ने उनका फोन छीनकर फेंक दिया।
वीडियो बनाने पर और भड़के शिक्षक
छात्राओं के मुताबिक, घटनास्थल पर चार छात्राएं और इतिहास विभाग के तीन शिक्षक मौजूद थे। जब छात्राओं ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो शिक्षक और नाराज हो गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
NSUI ने कुलपति से की कार्रवाई की मांग
NSUI के प्रदेश सचिव आशीष प्रिंस ने घटना को शर्मनाक और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि ललित कला संस्थान की बेसमेंट पार्किंग में छात्राओं के साथ एक शिक्षक की अभद्रता का वीडियो सामने आया है। शिक्षक का ऐसा व्यवहार बिल्कुल भी शोभनीय नहीं है। गुरु का काम छात्राओं को सम्मान और संस्कार देना है, न कि गाली-गलौज और धमकाना।
उन्होंने कुलपति से वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। आशीष प्रिंस ने कहा कि अगर विश्वविद्यालय में ही बेटियां सुरक्षित नहीं रहेंगी तो फिर कहां रहेंगी। NSUI छात्राओं के सम्मान की लड़ाई में उनके साथ है। कार्रवाई नहीं होने पर संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

