- यूपी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है, इसके साथ ही इस घोषणापत्र पर जमकर हमले भी शुरू हो गई है
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय करीब आ रहा है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है और चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अपना घोषणापत्र भी जारी कर दिया है। सपा ने इस घोषणापत्र में इसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। हालांकि, दूसरी ओर विरोधी पार्टियों ने इस मैनिफेस्टो को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला शुरू कर दिया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने सपा के घोषणापत्र को हवाहवाई और थोथा चना बाजे घना बताया है। वहीं, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोला है।
मायावती क्या बोलीं?
समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र पर बसपा की प्रमुख मायावती ने सोशल मीडियो पर 5 प्वाइंट्स जारी कर के हमला बोला है-:
- यूपी में समाजवादी पार्टी द्वारा ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से कल जारी किया गया इनका यह ’प्रण-पत्र’ इनके कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवाहवाई तथा ’थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही चरितार्थ करने वाला ज्यादा है।
- वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव जग जाहिर तौर पर ग़रीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित, कल्याण, उनका मान-सम्मान व सुरक्षा आदि के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण व जातिवादी तथा धन्नासेठ-समर्थक भी रहा है, जिसका एक ताज़ा उदाहरण यूपी से राज्यसभा हेतु हाल ही में हुये द्विवार्षिक चुनाव में पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता देना है। ऐसी नीतियों एवं कार्यकलापों से प्रदेश की अपार गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन व पलायन आदि की गंभीर समस्या क्या कभी दूर हो पायेगी। कभी नहीं।
- इन बातों से से यह भी साबित है कि इनका ’जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’ अधिक है तथा समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी एवं बाहुबलियों आदि को चुनाव मैदान में भी उतारेगी जो देश, समाज व जनहित की चिन्ता कम व अपने खुद के लाभ व स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं।
- वैसे भी ’हर हाथ को काम’ तथा ’कानून द्वारा कानून का राज’ आदि विशुद्ध रूप से बी.एस.पी. की नीति व सिद्धान्त हैं तथा जिस सर्वसमाज व सर्वजन-हितैषी एजेण्डा पर बी.एस.पी. की यूपी में अब तक रही चारों सरकारों में पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अमल करके भी दिखाया गया है, जो कि विरोधी पार्टियों में भी खासकर सपा, कांग्रेस व भाजपा आदि के बलबूते की बात नहीं है, यह सभी जानते/मानते हैं।
- इसके साथ ही, सपा के दामन पर भी खासकर एससी, एसटी व ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया तथा यूपी को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त प्रदेश बनाने सहित जनहित व जनकल्याण के अहम मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता भला कैसे भुला पायेगी? कुल मिलाकर, सपा की बातें, वादे, दावे व घोषणायें आदि चुनावी छल व छलावा हैं, लोग जरूर सावधान रहें।
ओमप्रकाश राजभर क्या बोले?
वहीं, सपा के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा- “मित्र अखिलेश जी, आपकी सरकार में जमकर तांडव हुआ, ये पहले हम कहते थे लेकिन आज आपने खुद मान लिया। इसीलिए ना क़सम खा रहे हैं कि अब गुंडई नहीं होगी? ये क़सम तो आपने होटल के हॉल में खाई है। अगर आप गंगा जी के खड़े होकर भी कहें कि आपके राज में अपराध नहीं होगा तो भी कोई नहीं मान सकता। नारा देने या वादा करने से ज़ुर्म कम नहीं होता। उसके लिए नीयत होनी चाहिए, जो आप में है नहीं। बाकी आइये चुनाव में, मजा आयेगा। जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव।”

