नोएडा : सीमा हैदर के सोशल मीडिया अकाउंट से सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। फरवरी 2022 में सीमा हैदर ने इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था जिसमें डेढ़ साल में 9 बार सीमा हैदर ने अपना यूजर नेम बदला। सीमा हैदर सचिन सहित 16 लोगों को फॉलो करती थी। इसमें भारत की खबरों के लिए सीमा ने एएनआई को फॉलो कर रखा था। बाकी फॉलोअर्स में ज्यादातर हिंदू धर्म से जु़ड़े इंस्टा अकाउंट थे जिसमें सीमा बागेश्वर धाम और महादेव से जुड़े अकाउंट को फॉलो करती थी।
बता दें, पाकिस्तान में छुपकर इंस्टाग्राम पर रील बनाने वाली सीमा हैदर भारत में आकर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गई। उसने इंस्टाग्राम के अपने अकाउंट की निजी सेटिंग चेंज कर सार्वजनिक कर ली है। पाकिस्तान में रहने के दौरान सचिन और सीमा ही एक दूसरे की रील देख पाते थे। लेकिन इस पूरे मामले में एक बात बहुत गंभीर लगी की फेसबुक पर सीमा हैदर के नाम पर 35 से अधिक आईडी है, हर आईडी में एक बात कॉमन है कि सबकी प्रोफाइल फोटो में सीमा की फोटो लगी है। वहीं वह पहले इंस्टाग्राम में भी अपनी आईडी बदल चुकी है जो अब ATS की पूछताछ में खुलासे हो रहे हैं।
इसके अलावा सचिन के सोशल मीडिया अकाउंट से भी चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सचिन ने भी इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट बना रखा था और अपनी कोई तस्वीर नहीं लगाई हुई थी। सचिन के इंस्टाग्राम अकाउंट को सिर्फ सीमा हैदर ही फॉलो करती थी। सचिन मीना ने अपने इंस्टा और फेसबुक अकाउंट को प्राइवेट कर रखा था। वहीं एटीएस ने 17 जुलाई को सीमा से 9 घंटे पूछताछ की कि कैसे उसने नेपाल बॉर्डर को अवैध रूप से पार करते हुए भारत में एंट्री ली।
सूत्रों के मुताबिक सीमा हैदर के पाकिस्तान नंबर वाले फोन का डाटा डिलीट किया गया था, जिसे एटीएस की टीमें रिट्रीव करने में लगी हुई हैं। सीमा हैदर के पास से 4 मोबाइल फोन चालू हालत में मिले तो वहीं एक टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद किया गया। वहीं सचिन के पास से भी टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला है। इसके अलावा सीमा हैदर के पास से दो वीडियो कैसेट मिली है। जिसको लेकर सीमा हैदर ने बताया कि ये बचपन की और शादी की वीडियो है। सीमा हैदर के बच्चों से फोटो में मिले चेहरों और जगहों की पहचान करवाई जाएगी।

