Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

वाह रे यूपी पुलिस! सिपाही को शराब पिलाकर कैदी हुआ फरार

कानपुर : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई है। जहां पेशी पर आया एक कैदी सिपाही को शराब पिलाकर फरार हो गया। वहीं दूसरी तरफ समय होने पर जब सिपाही कैदी को लेकर हवालात नहीं पहुंचा तो हड़कंप मच गया। सिपाही की तलाश की गई तो वह कमरे पर शराब के नशे में टुन्‍न मिला, वह कैदी के बारे कुछ नहीं बता सका। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने सिपाही को हिरासत में लेकर जिला चिकित्सालय में उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया। उधर, कैदी की खोजबीन की जा रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिले की कोतवाली शहर पुलिस ने सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के रहने वाले फुरकान को विगत वर्ष 2018 में चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद से फुरकान जिला कारागार में ही निरुद्ध था। उसकी न्यायालय में पेशी थी, लिहाजा जेल से पुलिस अभिरक्षा में अन्य कैदियों के साथ फुरकान को भी न्यायालय में पेशी पर लाया गया था। कचेहरी स्थित हवालात से पुलिस लाइन में तैनात सिपाही उमानाथ श्रीवास्तव के साथ पेशी के लिए कैदी फुरकान को अदालत भेजा गया। पेशी के बाद शाम तक जब सिपाही कैदी को लेकर हवालात नहीं लौटा, तो दोनों की तलाश शुरू की गई इस दौरान पता चला कि सिपाही स्टेशन रोड पर एक किराए के कमरे में रहता है।

बताया जा रहा है कि हवालात प्रभारी उपनिरीक्षक पुलिसकर्मियों के साथ सिपाही के कमरे में पहुंचे, तो वहां सिपाही नशे की हालत में पड़ा था। वहीं, कैदी का कुछ पता नहीं चला। हवालात प्रभारी ने मामले की सूचना अधिकारियों को दी तो कैदी की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गईं। सिपाही से पूछताछ की गई तो नशे में होने के चलते वह कुछ बता नहीं सका। कोतवाली पुलिस ने सिपाही को जिला अस्पताल ले जाकर उसका परीक्षण कराया है। माना जा रहा है कि सिपाही को कैदी और कचेहरी में मिले उसके साथियों ने शराब पिलाने का झांसा देकर पूरी योजना बनाई। अपर पुलिस अधीक्षक नृपेन्द्र कुमार ने बताया इस सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। मुकदमा पंजीकृत कर फरार बदमाश की तलाश में 3 टीमें लगाई गई हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *