Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

रेलवे अफसर के ठिकानों पर मिला कुबेर का खजाना, CBI की छापेमारी में सामने आया काला चिट्ठा

  • CBI ने रिश्वत लेते रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कथित बिचौलिए को गिरफ्तार किया है।
  • आरोपी के घर-दफ्तर से करीब 77 लाख रुपये नकद और 14 लाख के आभूषण मिले।
  • लंबित बिल पास करने के बदले पहले दो लाख रुपये मांगे, बाद में एक लाख पर राजी हुआ।

रायपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी कि CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। CBI ने बताया कि घूसकांड में एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और उसके कथित बिचौलिए को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी के रायपुर और भिलाई स्थित घर और दफ्तर में तलाशी के दौरान करीब 77 लाख रुपये नकद और लगभग 14 लाख रुपये कीमत के गहने बरामद किए गए हैं। CBI ने मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी अधिकारी ने एक शिकायतकर्ता के लंबित बिलों को मंजूरी देने के बदले पहले 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। केंद्रीय एजेंसी ने बताया कि बाद में वह 1 लाख रुपये लेने पर राजी हो गया।

50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते पकड़ा गया

जांच एजेंसी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 13 अगस्त को आरोपी अधिकारी को उस समय पकड़ा गया, जब वह कथित तौर पर रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये अपने कथित बिचौलिए के जरिए स्वीकार कर रहा था। CBI ने अपने बयान में बताया कि अनमोल उके, भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियरिंग सेवा यानी कि IRSME के अधिकारी हैं। केंद्रीय एजेंसी ने बताया कि उके भिलाई में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (DME) के पद पर तैनात थे। CBI ने कहा कि उके को 14 अगस्त को उनके कथित बिचौलिए के साथ गिरफ्तार किया गया।

रायपुर और भिलाई में घर-दफ्तर की तलाशी

गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपी रेलवे अधिकारी के रायपुर और भिलाई स्थित आवासीय और कार्यालय परिसरों में तलाशी ली। एजेंसी के मुताबिक, इस तलाशी के दौरान करीब 77 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा अधिकारी के ठिकानों से लगभग 14 लाख रुपये मूल्य के गहने भी मिले। CBI ने बताया कि बरामद नकदी और आभूषणों को मामले की जांच के तहत महत्वपूर्ण बरामदगी माना जा रहा है। CBI के मुताबिक, आरोपी अनमोल उके और उसके कथित बिचौलिए को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। जांच एजेंसी ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *