दैनिक उजाला डेस्क : दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षाबलों का आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन गडूल शनिवार को चौथे दिन भी जारी है। जिले के कोकरनाग के गडूल के घने जंगल और पहाड़ों के बीच ऑपरेशन चल रहा है। यहां कई प्राकृतिक गुफाएं बनी हुई हैं, जिनमें दहशतगर्दों को पनाह मिल रही है। ऐसे में सुरक्षाबल आधुनिक तकनीक और हथियारों के साथ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहे हैं। ड्रोन की मदद से पहले टारगेट सेट किया जा रहा है और फिर बम की बरसात से ठिकाना ध्वस्त किया जा रहा है। भारतीय सेना ने तीन पाकिस्तानी आतंकी मर गिराए हैं। ये आतंकी उरी सेक्टर से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। सेना ने इन आतंकियों के पास से हथियार गोला बारूद बरामद किया है। सबसे बड़ी बात है कि उनके पास से 5 किलो का एक IED बरामद किया गया है। भारतीय सीमा में घुसपैठ के दौरान पाकिस्तानी सेना गोलीबारी कर आतंकियों लका साथ दे रही थी।

पीर पंजाल सेक्टर के कमांडर ब्रिगेडियर PMS ढिल्लों ने बताया कि आज सवा नौ बजे यह ऑपरेशन शुरू हुई थी और 8 घंटे तक चली। इस कार्रवाई में दो आतंकियों के शव भारतीय सीमा में बरामद किए गये हैं। जबकि एक की मौत पाकिस्तानी सीमा में हुई है। कल बारामूला पुलिस और सेना की आठवीं राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त अभियान चलाया। इसी अभियान के दौरान सीमांत इलाके उरी से दो जिंदा आतंवादियों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आतंकियों के पास से 02 पिस्तौल, 05 हैंड ग्रेनेड और अन्य सामान बरामद किया गया था।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों में अलग-अलग हादसों में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पहला हादसा कल यानी शुक्रवार सुबह को ग्रेटर नोएडा में हुआ। यहां आम्रपाली के ड्रीम वैली फेस-2 प्रोजेक्ट में लिफ्ट गिरने से अब तक आठ मजदूरों की जान जा चुकी है। मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की देर रात हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि देर रात में ही लखनऊ में मकान ढह जाने से मलबे में दबकर पांच की मौत हो गई। साथ ही रायबरेली में हुए सड़क हादसे में मां व बेटों समेत तीन की हत्या हो गई।

मध्य प्रदेश

इंदौर में हो रही तेज बारिश ने 61 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। 1962 में 20 सितंबर को 6.65 इंच बारिश हुई थी,जबकि शुक्रवार से शनिवार सुबह तक 6.73 इंच हो चुकी है। सितंबर माह में 24 घंटे में अब तक हुई यह सर्वाधिक बारिश का रिकार्ड है। 1962 से पहले एक दिन में छह इंच बारिश वर्ष1896 में इंदौर में हुई थी।

नदी, नाले उफान पर हैं सड़कें पूरी तरह से डूब चुकी हैं। पातालपानी, चोरल सभी जगह नदियां उफान पर हैं। यशवंत सागर के चार गेट सुबह ही खोल दिए गए। भारी बारिश के कारण शहर के सभी तालाब पूरी क्षमता से भर गए हैं। खंडवा रोड पर नर्मदा का मोरटक्का पुल बंद कर दिया गया है। ओंकारेश्वर में मूर्ति अनावरण में जाने वाले लोगों को नहीं आने की सलाह दी गई है। सीजन की यह सबसे तेज और घनघोर बारिश है। 24 घंटे में सात इंच बारिश के साथ शहर की सीजन की बारिश का कोटा पूरा हो गया। अब तक कुल 39 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 2 इंच ज्यादा है। उधर, देपालपुर में एक दिन में रिकॉर्ड 10 इंच बारिश हुई है।

दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई से पहले बारिश मौसम को सुहावना बना रही है। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को एक बार फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई है। हवा के साथ हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार को सुबह हुई बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

banner