• सूरत की यूनिवर्सिटी में तब गजब हो गया जब परीक्षा के दौरान 2 स्टूडेंट्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल से नकल करते हुए पकड़ा

सूरत: गुजरात के सूरत में बीसीए के 2 स्टूडेंट्स को सेमेस्टर एग्जाम के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके अपनी ‘स्मार्टवॉच’ के जरिए नकल करते हुए पकड़ा गया। ये घटना वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी में बुधवार को घटी। माना जा रहा है कि ये गुजरात में पहली ऐसी घटना है, जिसमें स्टूडेंट्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से एग्जाम में नकल करते हुए पकड़ा गया होगा। यूनिवर्सिटी के कुलपति किशोरसिंह चावड़ा ने कहा कि एक एग्जाम सेंटर के पर्यवेक्षक ने देखा कि बीसीए के एक छात्र और एक छात्रा अपनी घड़ी से कुछ पढ़ रहे थे। इससे पर्यवेक्षक सतर्क हो गए, क्योंकि ये दोनों संदिग्ध हरकतें कर रहे थे।

कुलपति किशोरसिंह चावड़ा ने कहा कि पता चला है कि दोनों को अपनी ‘स्मार्टवॉच’ में लगे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल से जवाब मिल रहे थे। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने परीक्षा के दौरान इस गड़बड़ी के लिए दोनों पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने लिया ये एक्शन

चावड़ा ने बताया कि घटना के बाद यूनिवर्सिटी ने नए दिशानिर्देश जारी किए और इंटरनेट से कनेक्ट होने वाले किसी भी इलेक्ट्रॉनिक या कम्युनिकेशन टूल को केंद्र में छात्रों की तरफ से ले जाने पर रोक लगा दी।

परीक्षा केंद्र में इन चीजों पर लगा बैन

उनके मुताबिक, मोबाइल फोन पर पहले ही बैन था। अब छात्रों को ईयरबड्स, स्मार्टवाच, इलेक्ट्रॉनिक पेन और वाई-फाई से जुड़ने वाली अंगूठियां जैसे उपकरण ले जाने की इजाजत नहीं होगी। जो भी छात्र नकल करने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *