Breaking
Thu. Sep 24th, 2026

SIR के विरोध में शिमला में कांग्रेस का प्रदर्शन:चुनाव आयोग ऑफिस के बाहर कल जुटेंगे नेता, CEO ज्ञानेश कुमार को हटाने की करेंगे मांग

शिमला : शिमला में SIR यानी वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के विरोध में कांग्रेस शुक्रवार को चुनाव आयोग के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस SIR की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग करेगी।

कांग्रेस के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने बताया कि प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, कैबिनेट मंत्री, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

दरअसल, कांग्रेस लंबे समय से SIR को लेकर सवाल उठाती रही है। पार्टी का आरोप है कि वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण से बड़ी संख्या में वोटरों से मताधिकार छीना जा रहा है। कांग्रेस की मुख्य आपत्ति नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को लेकर है।

शिमला में इलेक्शन कमीशन ऑफिस के बाहर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन। - फाइल फोटो

शिमला में इलेक्शन कमीशन ऑफिस के बाहर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन। – फाइल फोटो

SIR के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर सकती है कांग्रेस

SIR को लेकर कांग्रेस का विरोध अब हिमाचल में भी संगठनात्मक आंदोलन का रूप ले रहा है। शिमला में शुक्रवार को प्रदर्शन के साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की बैठक भी होगी। इसमें पार्टी आगे SIR के खिलाफ आंदोलन को किस स्तर तक ले जाएगी, इसकी रणनीति तैयार करेगी। इसमें ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान किया जा सकता है।

भरमौर से सिरमौर तक ‘हिमाचल जोड़ो यात्रा’ पर भी चर्चा

प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल द्वारा बुलाई गई बैठक में भरमौर से सिरमौर तक प्रस्तावित यात्रा को लेकर भी चर्चा की जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल को अपर और लोअर हिमाचल में बांट रखा है। इसलिए कांग्रेस पार्टी भरमौर से सिरमौर तक हिमाचल जोड़ो यात्रा निकालेगी। इस यात्रा के दौरान SIR, नीट पेपर लीक जैसे कई मामले उठाए जाएंगे। कल की बैठक में PCC के तीन महीने के काम का रिव्यू भी किया जाएगा।

राहुल गांधी के निर्देशों पर समीक्षा

इसमें देखा जाएगा कि कौन-कौन से पदाधिकारी निष्क्रिय हैं और उन्होंने पिछले तीन महीने के दौरान संगठन के लिए क्या किया है। निष्क्रिय पदाधिकारियों को पदों से हटाया जा सकता है। राहुल गांधी के निर्देशों पर पार्टी सभी पदाधिकारियों के काम की समीक्षा कर रही है। इसी मंशा से कल शिमला में PCC की बैठक बुलाई गई है। इसके लिए रजनी पाटिल आज शाम को ही शिमला पहुंच जाएंगी। अब वह सोलन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कन्वेंशन में भाग ले रही हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *