Breaking
Fri. Aug 14th, 2026

जनगणना-2027 में जाति भी पूछी जाएगी: आजादी के बाद ऐसा पहली बार, कोविड वैक्सीन कहां लगवाई, यह भी बताना होगा; 40 सवालों की लिस्ट जारी

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने जनगणना-2027 के लिए 40 सवालों की लिस्ट जारी कर दी है। इसमें लोगों से SC, ST या अन्य जाति के बारे में पूछा जाएगा। आजादी के बाद यह पहली बार होगा जब सभी समुदायों की जाति की जानकारी जनगणना में दर्ज की जाएगी।

इससे पहले 2011 की जनगणना के फॉर्म में 29 सवाल थे। इसमें जाति से जुड़ी जानकारी के लिए सिर्फ SC/ST का विकल्प था। अब जनगणना-2027 के सवालों की लिस्ट में जाति से जुड़ा सवाल नंबर 10 पर है, जिसमें SC/ST के साथ जाति ऑप्शन भी जोड़ा गया है।

खास बात यह है कि लोगों से कोविड वैक्सीन कहां लगवाई थी, यह सवाल भी पूछा जाएगा। इसके साथ मोबाइल नंबर, आधार, वोटर ID और बैंक अकाउंट से जुड़े सवाल भी होंगे।

दो चरणों में होगी जनगणना

पहला चरण- हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस: अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच होगा। इसमें घर की स्थिति, सुविधाएं, घर में मौजूद संसाधन और दूसरी आवासीय जानकारी जुटाई जाएगी। हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में यह काम 30 दिनों की अवधि में होगा। इसके पहले 15 दिनों में लोगों को सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा भी मिलेगी।

दूसरा चरण- पॉपुलेशन एन्यूमरेशन: फरवरी 2027 में होगा। इसमें हर व्यक्ति की जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक, सांस्कृतिक, प्रवासन और प्रजनन संबंधी जानकारी जुटाई जाएगी। इसी चरण में सभी जातियों की गिनती भी होगी।

लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के बर्फीले इलाकों के साथ उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ बर्फबारी वाले क्षेत्रों में दूसरा चरण सितंबर 2026 में ही कराया जाएगा।

देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी

जनगणना 2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। डेटा डिजिटल माध्यम से दर्ज किया जाएगा और लोगों को खुद अपनी जानकारी देने यानी सेल्फ-एन्यूमरेशन का विकल्प भी मिलेगा।

जनगणना की कानूनी प्रक्रिया सेंसस एक्ट, 1948 और सेंसस रूल्स, 1990 के तहत होगी। केंद्र के मुताबिक, लोगों की दी गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सेंसस एक्ट की धारा 15 के तहत इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, RTI के तहत नहीं दिया जा सकता और किसी कोर्ट में सबूत के तौर पर भी इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

जनगणना के लिए 11,718 करोड़ का बजट मंजूर

केंद्र सरकार ने जनगणना 2027 के लिए 11,718.24 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी है। जनगणना पूरे देश में केंद्र के समन्वय से होगी। राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारें इसके क्रियान्वयन में मदद करेंगी।

जनगणना 2027 में पूछे जाने वाले 40 सवाल :- 
1- व्यक्ति का नाम क्या है?
2- परिवार के मुखिया से व्यक्ति का क्या संबंध है?
3- व्यक्ति का लिंग क्या है?
4- व्यक्ति की जन्मतिथि और आयु (पूर्ण वर्षों में) क्या है?
5- व्यक्ति की वर्तमान वैवाहिक स्थिति क्या है?
6- विवाह के समय व्यक्ति की आयु (पूर्ण वर्षों में) कितनी थी?
7- पति/पत्नी का नाम क्या है?
8- व्यक्ति द्वारा घोषित राष्ट्रीयता क्या है?
9- व्यक्ति का धर्म क्या है?
10- क्या व्यक्ति अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) से संबंधित है? उसकी जाति क्या है?
11- पिता का विवरण क्या है?
12- माता का विवरण क्या है?
13- क्या व्यक्ति को किसी प्रकार की दिव्यांगता है?
14- व्यक्ति की मातृभाषा क्या है और वह अन्य कौन-कौन सी भाषाएँ जानता है?
15- व्यक्ति की साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति क्या है?
16- क्या व्यक्ति किसी शैक्षणिक संस्थान में पढ़ रहा/रही है?
17- व्यक्ति द्वारा प्राप्त उच्चतम शैक्षणिक योग्यता तथा उसकी स्ट्रीम/विषय क्या है?
18- क्या व्यक्ति ने पिछले एक वर्ष के दौरान किसी समय काम किया है?
19- व्यक्ति की आर्थिक गतिविधि की श्रेणी क्या है?
20- व्यक्ति का व्यवसाय/पेशा क्या है?
21- व्यक्ति किस प्रकार के उद्योग, व्यापार या सेवा से जुड़ा है?
22- व्यक्ति किस श्रेणी का कामगार है?
23- सीमांत, अर्ध-सीमांत और गैर-कामगार व्यक्ति किस प्रकार की गैर-आर्थिक गतिविधि में शामिल है?
24- क्या सीमांत, अर्ध-सीमांत या गैर-कामगार व्यक्ति काम की तलाश कर रहा है अथवा काम के लिए उपलब्ध है?
25- व्यक्ति अपने कार्यस्थल तक किस साधन से जाता है?
26- व्यक्ति का जन्म स्थान क्या है?
27- व्यक्ति का पिछला निवास स्थान कौन-सा था?
28- व्यक्ति के प्रवास का कारण क्या है?
29- पिछले प्रवास के बाद से व्यक्ति इस गांव/शहर में कितने समय से रह रहा है?
30- व्यक्ति का स्थायी आवासीय पता क्या है?
31- वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिला के वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या कितनी है?
32- वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिला द्वारा अब तक जीवित जन्म दिए गए बच्चों की कुल संख्या कितनी है?
33- वर्तमान में विवाहित महिला ने पिछले एक वर्ष के दौरान कितने जीवित बच्चों को जन्म दिया है?
34- व्यक्ति ने कोविड-19 का टीका कहां लगवाया था?
35- व्यक्ति के कुल कितने बैंक खाते हैं?
36- व्यक्ति का मोबाइल नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
37- व्यक्ति का आधार नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
38- व्यक्ति का वोटर आईडी नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
39- भारतीय पासपोर्ट धारक होने की स्थिति में व्यक्ति का पासपोर्ट नंबर क्या है?
40- क्या व्यक्ति के पास ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध है?

जनगणना अधिनियम के तहत जुटाई जाएगी जानकारी
भारत के रजिस्ट्रार जनरल की अधिसूचना में कहा गया है,’जनगणना अधिनियम, 1948 (1948 का अधिनियम 37) की धारा 8 की उप-धारा (1) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, केंद्र सरकार निर्देश देती है कि जनगणना अधिकारी अपने-अपने नियुक्त इलाकों में रहने वाले सभी लोगों से – नीचे बताई गई बातों के आधार पर – जनगणना 2027 के सिलसिले में ‘हाउसहोल्ड शेड्यूल’ (परिवार की जानकारी वाली सूची) के जरिए जानकारी इकट्ठा करने के लिए सवाल पूछ सकते हैं।’ जवाब देने वालों से निजी और सामाजिक जानकारी भी मांगी जाएगी। इनमें वैवाहिक स्थिति, शादी के समय उम्र, जीवनसाथी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति (SC)/अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा, जाति, माता-पिता की जानकारी, विकलांगता, मातृभाषा और अन्य ज्ञात भाषाएं, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति जैसी जानकारियां शामिल हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *