जैसलमेर : जैसलमेर में सैन्य अभ्यास के दौरान मिसाइल मिस फायर हो गई। टारगेट से मिस हुई मिसाइल रेंज के पास ही भादरिया गांव के पास गिरी। मिसाइल गिरते ही तेज धमाका हुआ। इससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

घटना शनिवार शाम 4 बजे पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज की है। सूचना पर स्थानीय पुलिस और सेना की टीम मौके पर पहुंची। मिसाइल के पिछले हिस्से के मलबे को पिकअप गाड़ी में लादकर फील्ड फायरिंग रेंज में ले गए। बाकी के टुकड़ों की तलाश की जा रही है।

यहां वर्ष भर थल व वायु सेना के युद्धाभ्यास चलते रहते है। शनिवार को यहां सेना का युद्धाभ्यास चल रहा था। इस दौरान दोपहर बाद अपराह्न करीब 4 बजे एक मिसाइल लक्ष्य पर छोड़ी गई। बताया जा रहा है कि मिसाइल अपने टारगेट से मिस हो गई और उसका एक टुकड़ा भादरिया गांव के पास आकर गिरा। तेज धमाके से ग्रामीणों में भय का माहौल हो गया। गनीमत रही कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। जिससे कोई हादसा नहीं हुआ।

ग्रामीणों की भीड़ जमा

धमाके की आवाज सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर रेंज स्क्रैप ठेकेदार ने मौके पर पहुंचकर मिसाइल के टुकड़े को अपने कब्जे में लिया। हादसा कैसे हुआ, इसको लेकर शनिवार शाम तक सेना या पुलिस किसी की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *