फरीदाबाद : बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा का आज (9 नवंबर) हरियाणा में दूसरा दिन है। यात्रा सुबह 8 बजे से फरीदाबाद के दशहरा ग्राउंड से शुरू हुई। इस दौरान उनके साथ कथावाचक अनिरुद्धाचार्य भी मौजूद रहे। उन्होंने भगवा ध्वज फहराकर सनातन के जयकारे लगाए।
इसके बाद 1 नंबर मार्केट में जलपान के बाद अनिरुद्धाचार्य चले गए। यात्रा के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर एक युवक धीरेंद्र शास्त्री की ओर बढ़ने लगा। उसे सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने उसे अपने पास बुलाया। उसने बाबा को बताया कि वह भक्त है। इसके बाद युवक को छोड़ दिया गया।
आज पदयात्रा सोहना-बल्लभगढ़ रोड, सोहना टी-पॉइंट, बल्लभगढ़ होते हुए अनाज मंडी पहुंचेगी, जहां दोपहर का भोजन किया जाएगा।
भोजन के बाद यात्रा NH-19 मार्ग से एलसन चौक और जेसीबी चौक होते हुए 15 किलोमीटर का चलकर यात्रा सीकरी गांव पहुंचेगी। यहां शगुन गार्डन में यात्रा का रात्रि ठहराव होगा।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि सुबह 7 बजे से दशहरा ग्राउंड एनआईटी से हार्डवेयर चौक, सोहना टी पॉइंट होते हुए बल्लभगढ़ दशहरा ग्राउंड तक का रास्ता आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
यात्रा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- हिंदुओं भारतीय सेना को पैसा दान करों, जिससे ज्यादा से ज्यादा गोला बारूद आ सके और पाकिस्तान को उड़ाया जा सके। देश मे क्रांति होने वाली है। धर्म विरोधी ताकतें देश को बर्बाद करती हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि फरीदाबाद बाबर की नहीं गब्बर की धरती है। हम हिंदुओं के लिए सड़क पर उतरे हैं। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और अपनी एकता दिखाने के लिए सड़कों पर उतरना जरूरी है। महाराणा प्रताप, सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह जैसे वीरों के नाम से सड़क और चौराहों के नाम होने चाहिए।

यात्रा की शुरुआत में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने भगवा ध्वज फहराया।

सुरक्षा घेरा तोड़कर युवक (नीली टीशर्ट में) घुस गया। उसे धीरेंद्र शास्त्री ने बुला लिया।

पदयात्रा में स्थानक के दौरान लोग कीर्तन कर नाचते गाते रहे।

पदयात्रा जब भोजन के लिए रुकी, तब कथावाचक अनिरुद्धाचार्य और धीरेंद्र शास्त्री आपस में ठहाके लगाते नजर आए।

1 नंबर मार्केट रोड पर यात्रा में डीजे की धुन पर महिलाएं डांस करती दिखीं।
पहले दिन की यात्रा में क्या-क्या हुआ…

हरियाणा के फरीदाबाद में यात्रा के पहले दिन धीरेंद्र शास्त्री ग्रेट खली का हाथ पकड़कर चले थे।

पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन भी 8 नवंबर को यात्रा में शामिल हुए थे। उन्होंने जमीन पर बैठकर धीरेंद्र शास्त्री से बात की थी।
पहले दिन 10 किलोमीटर चली यात्रा
बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा हरियाणा के फरीदाबाद में पहले दिन करीब 10 किलोमीटर चली थी। पदयात्रा 7 नवंबर को दिल्ली से शुरू हुई थी। शनिवार को यात्रा ने अरावली के मांगर कट से फरीदाबाद में प्रवेश किया। यहां केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यात्रा का स्वागत किया।
पदयात्रा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा-

हम जातियों का अहंकार खत्म करना चाहते हैं। सभी को एक ही धागे में पिरोना चाहते हैं।”
शिखर धवन और ग्रेट खली पहुंचे थे
यात्रा में पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन भी शामिल हुए। धीरेंद्र शास्त्री ने जमीन पर बैठकर शिखर से बात की। दोपहर के भोजन के बाद WWE रेसलर दलीप राणा उर्फ ग्रेट खली यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री, खली का हाथ पकड़कर चले। रात 8 बजे यात्रा रात्रि ठहराव के लिए NIT क्षेत्र के दशहरा ग्राउंड में पहुंची। यह यात्रा फरीदाबाद के बाद 10 नवंबर को पलवल जिले में एंटर करेगी। इसके बाद 13 नवंबर को यूपी के वृंदावन में यात्रा का समापन होगा।

