पानीपत : पानीपत शहर के नूरवाला कुटानी रोड स्थित गैस गोदाम के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां विदेशों से इंपोर्ट (आयात) होकर आए वेस्ट कपड़े से लदा एक ओवरलोड ट्रक जैसे ही गोदाम वाली गली में मुड़ा, वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन तारों के संपर्क में आ गया।
तारों से छूते ही ट्रक में अचानक भयंकर आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ट्रक का टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। फायर की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी है, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।
विदेश से इंपोर्ट होकर गोदाम आ रहा था माल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक में लदा वेस्ट कपड़ा विदेश से विशेष रूप से इंपोर्ट होकर भारत पहुंचा था। इसके बाद इस माल को पानीपत के नूरवाला कुटानी रोड स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जा रहा था। जैसे ही ट्रक गैस गोदाम वाली गली में पहुंचा, तो ट्रक के अत्यधिक ओवरलोड (ऊंचाई ज्यादा) होने के कारण वह गली के ऊपर से जा रही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन तारों से टच हो गया।
तारों में हुए जोरदार शॉर्ट सर्किट के कारण वेस्ट कपड़े ने तुरंत आग पकड़ ली। कपड़े के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। इसी बीच आग की तपन से ट्रक का टायर भी ब्लास्ट हो गया। जिससे आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

ट्रक में आग लगने के बाद फॉर्म टेंडर से बौछार करते फायर कर्मी।
डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची फायर की गाड़ियां
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों और व्यापारियों में फायर विभाग के खिलाफ भारी रोष देखा गया। स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है कि उन्होंने आग लगते ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद फायर की गाड़ियां करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं। तब तक आग पूरी तरह से बेकाबू हो चुकी थी और ट्रक का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
कपड़े की आग को बेहद विकराल होता देख फायर कर्मियों को पानी की सामान्य गाड़ियों के साथ-साथ विशेष फॉर्म टेंडर की गाड़ियों को भी मौके पर बुलाना पड़ा। फायर विभाग की कई गाड़ियों ने काफी देर तक कड़ी मशक्कत करने के बाद पूरी तरह आग पर काबू नहीं पाया है। इस हादसे में लाखों रुपए का कीमती इंपोर्टेड माल और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस और बिजली विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

