Breaking
Fri. Oct 2nd, 2026

छाती पर चढ़कर महिला होटलकर्मी का गला रेता:2 मिनट में 15-20 वार; जमीन पर पटककर लातें मारीं, हत्या CCTV कैमरे में कैद

छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाइक सवार 2 लोगों ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर करीब 2 मिनट तक 15-20 वार किए। 5-7 बार छाती पर लातें मारीं। जमीन पर पटककर घसीटा। गला रेतने की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना अमलतास कॉलोनी की है।

सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान ज्योति चौरसिया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से महाराजपुर की रहने वाली थी। अमलतास कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर पास के होटल में वेटर का काम करती थी। उसके साथ दो बच्चे भी रहते थे।

दुकान से सामान लेकर जाती दिख रही महिला।

दुकान से सामान लेकर जाती दिख रही महिला।

पहले चाकू से हमला किया, फिर लातें मारीं।

पहले चाकू से हमला किया, फिर लातें मारीं।

जमीन पर पटककर हमला करते दिख रहा युवक।

जमीन पर पटककर हमला करते दिख रहा युवक।

CCTV फुटेज में महिला पर हमला करते दिखा युवक

वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें महिला दुकान से सामान लेकर घर की ओर जाती दिख रही है। कुछ दूर पहुंचते ही बाइक पर सवार 2 युवक उसके पास आते हैं। पीछे बैठा युवक बाइक से उतरता है और महिला पर चाकू से हमला शुरू कर देता है।

वह लगातार चाकू से वार करता है। हमले के बाद महिला जमीन पर गिर जाती है। लहूलुहान हालत में वह बचाओ-बचाओ चिल्लाती है। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकलते हैं, लेकिन कोई उसे छुड़ाने की हिम्मत नहीं करता।

2 मिनट तक हमला, लोग देखते रहे

CCTV में दूसरा युवक बाइक पर बैठा दिखाई दे रहा है। एक-दो गाड़ियां भी वहां आकर रुकती हैं, लेकिन कोई हमलावर को रोकने के लिए आगे नहीं आता। हमलावर लगातार चाकू से वार करता रहता है।

महिला को जमीन पर पटककर लातें भी मारता है। करीब 2 मिनट के हमले के बाद महिला किसी तरह वहां से कुछ दूर जाने की कोशिश करती है, लेकिन गिर जाती है। कुछ ही देर में उसकी मौत हो जाती है।

वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम।

वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम।

मकान बाहर से बंद मिला, अंदर सो रहे थे बच्चे

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ज्योति के किराए के मकान का दरवाजा बाहर से बंद था। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो 4 और 6 साल के दो बच्चे सोते मिले।

ASP आदित्य पटले ने बताया कि पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने वाहन से ले गई। परिवार के आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों बच्चे ज्योति के हैं या किसी रिश्तेदार के। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

चाकू मारकर हत्या की गई। सड़क पर लाश पड़ी।

चाकू मारकर हत्या की गई। सड़क पर लाश पड़ी।

FSL ने जुटाए साक्ष्य, CCTV खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर मकान सील कर दिया। FSL टीम मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। मौके पर मौजूद लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस दूसरे मामलों से जुड़े संभावित एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है।

लव मैरिज के बाद जमीन को लेकर विवाद की बात

परिजन ने बताया- ज्योति 5-6 साल पहले महाराजपुर के खटीक मुहाल निवासी लखन जोशी से लव मैरिज की थी। ज्योति अपने पिता हुकुम सिंह चौरसिया की इकलौती बेटी थी। परिवार के पास कृषि भूमि होने और शादी के बाद पति-पत्नी के बीच जमीन को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है। पति लखन जोशी महाराजपुर में रहता था।

ASP बोले- हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं

ASP छतरपुर आदित्य पटले ने बताया कि घटना कुछ देर पहले ही हुई है, इसलिए अभी वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि वारदात से पहले और बाद में ज्योति के संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

उन्होंने कहा कि जब तक पुख्ता सबूत नहीं मिलते और तथ्य पूरी तरह सत्यापित नहीं हो जाते, तब तक किसी को आरोपी कहना उचित नहीं होगा। मामले में विवेचना जारी है और वरिष्ठ अधिकारी भी जांच कर रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *