डिंडौरी : डिंडौरी में पत्नी की मौत के मामले में जेल गए भाजपा नेता दशरथ राठौर की क्राइम फाइल पुलिस ने फिर खोल ली है। दशरथ चोर गिरोह का सरगना निकला। उसका गिरोह सरकारी ऑफिस से कम्प्यूटर चोरी करता था।

साल 2007 में उस पर 10 मामले दर्ज हुए थे। करीब 15 दिन जेल में भी रहा। झगड़ालू प्रवृत्ति का होने से वर्ष 2019 में एसडीएम कोर्ट से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी हो चुकी है।

पुलिस का शिकंजा कसने लगा, तो उसने भाजपा का दामन थाम लिया। तीन साल में भाजपा पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष और उप सरपंच बन गया।

3 मई को भाजपा नेता की पत्नी संगीता राठौर की मौत के बाद दशरथ के घर के सामने और अस्पताल में हंगामा भी हुआ। एसपी वाहिनी सिंह खुद संगीता के परिजन को समझाने पहुंची। दशरथ राठोर भले ही अब भाजपा नेता है। लेकिन, उसका अपराध की दुनिया से भी गहरा ताल्लुक रहा है।

संगीता की मां रमनी बाई की आंखें सूजी हुई हैं। जब बात करती हैं, तो ऐसा लगता है कि गला सूख सा जा रहा है। वे बार-बार गले पर हाथ रख लेती हैं।

3 मई को संगीता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने कमरा सील कर दिया है।

3 मई को संगीता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने कमरा सील कर दिया है।

रमनी बाई के बगल में बैठी उनकी रिश्तेदार लक्ष्मण राठौर कहते हैं…

‘शनिवार रात करीब 8 बजे संगीता के न रहने के बारे में फोन आया था। उस समय जीजी खाना खा रही थीं। बेटी की मौत की खबर सुनते ही बेसुध हो गईं। हम सब काम-घर छोड़ वहां पहुंचे। रातभर उसके घर के सामने बैठे रहे। तब से अभी तक एक निवाला तक जीजी ने नहीं खाया।’

3 साल पहले अप्रैल 2022 में दशरथ की शादी उम्र में 16 साल छोटी संगीता से हुई थी। शादी के वक्त दशरथ की उम्र 35 और संगीता 19 साल की थी। रमनी बाई कहती हैं कि संगीता हमारी इकलौती बेटी थी। बहुत सुंदर और गोरी-चिट्टी थी वो। दिखने में पूरे गांव में उस जैसी कोई दूसरी उसकी उम्र की लड़की नहीं थी। परिवार में छोटी थी, लेकिन घर-गृहस्थी संभाल लेती थी। सयानी हो रही थी, तो शादी की चिंता भी हो रही थी।

सबकी मति मारी गई थी, जो उससे (दशरथ) बिटिया ब्याह दी। उसने जो किया, उसका फल मिलेगा। मैं तो मना कर रही थी। कहा था कि उसकी उम्र बहुत ज्यादा है। मेरी संगीता छोटी है। उससे 16 साल छोटी थी, लेकिन घर के बड़ों के आगे नहीं चली। कहने लगे कि दशरथ की दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। घर में इकलौता लड़का है। आमदनी भी अच्छी है। दुकान है और भी काम करता है। वो सरहरी बिछिया ग्राम पंचायत का उप सरपंच भी था। ग्राम पंचायत में ठेकेदारी भी करता था। शादी के बाद काम-काज में संगीता उसकी मदद करती थी।

दशरथ और संगीता की शादी के बाद की तस्वीर।

दशरथ और संगीता की शादी के बाद की तस्वीर।

मां बोलीं- दशरथ ने बेटी को कभी पत्नी नहीं माना

रमनी बाई ने कहा- सब देख लो, आज ये दिन देखना पड़ रहा है। उसने संगीता को कभी पत्नी जैसा नहीं माना। शादी के बाद से ही संगीता उदास रहने लगी थी। हमेशा गुमसुम सी रहती थी। वो उससे दूरी बनाकर रखता था। हमेशा देर से घर आता था। पहले वो सब बताती थी, जो उसके साथ हो रहा है। मैं कहती- तू छोटी है अभी, समय के साथ सब ठीक हो जाएगा। लगता था कि दशरथ सुधर जाएगा।

हालात तो ये हो गए थे कि पहले वो कभी-कभार घर नहीं आता था। एक साल से तो 10-15 दिन तक घर ही नहीं आता था। शादी के एक साल बाद तो वो बिल्कुल बदल गया था। बेटी को मारता-पीटता था। कई बार उसने मायके से रुपए लाने के लिए भी कहा। लेकिन, हम कहां से देते।

इधर, संगीता की सास को पोता चाहिए था। उसकी सास उसे बच्चे न होने का उलाहना देने लगी। संगीता से वो कहती थी कि तेरे में ही कमी है। उसने अपने बेटे दशरथ से कभी नहीं कहा कि घर पर क्यों नहीं रुकता। इतने दिन कहां गायब रहता है।

काश !… मेरी कही मान लेते और उस दुष्ट से शादी नहीं कराते, तो आज मेरी लाड़ली बिटिया मेरे सामने होती।

रुतबा इतना कि पुलिस नाम लेने तैयार नहीं

दशरथ का राजनीतिक रुतबा कितना ज्यादा है, इसका पता इस बात से चलता है कि पुलिस अधिकारी उसका पुराना चिट्ठा बताने तो तैयार हैं, लेकिन अपना नाम सामने नहीं आने देते।

सूत्रों ने बताया कि दशरथ 2007-08 में चोरी करता था। उसका एक गिरोह था। इसके निशाने पर सरकारी दफ्तरों में लगे कम्प्यूटर होते थे। डिंडौरी समेत आस-पास के जिलों कटनी, शहडोल और डिंडौरी में उसके और गिरोह के खिलाफ 10 मामले दर्ज हुए थे। पुलिस ने उसे गिरोह समेत गिरफ्तार किया था। चोरी के मामलों में उसे करीब एक महीने की जेल हुई थी। कोर्ट ने जुर्माना भी लगाया था।

उसके खिलाफ लड़ाई-झगड़े और पारिवारिक विवाद के मामलों की शिकायत आती रहीं, 2019 में तो उसे एसडीएम कोर्ट में बॉन्ड भी भरना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *