Breaking
Sat. May 23rd, 2026

रेलमंत्री ने जयपुर में 420 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र:बोले- राजस्थान में 200 नई ट्रेन चलाएंगे, रोजगार मेले से पीएम मोदी भी वर्चुअली जुड़े

जयपुर : केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को जयपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जयपुर स्थित कॉन्सटीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित रोजगार मेले में हिस्सा लिया और विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित 420 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे।

कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, लोकसभा सांसद मंजू शर्मा और विधायक गोपाल शर्मा भी मौजूद रहे।

देशभर के 47 स्थानों पर हुआ रोजगार मेला

रोजगार मेले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। प्रधानमंत्री ने बटन दबाकर देशभर में आयोजित रोजगार मेले की शुरुआत की, जिसके तहत 51 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे गए। यह कार्यक्रम देशभर के 47 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। रोजगार मेले के माध्यम से रेलवे, इसरो, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, शिक्षा, डाक विभाग समेत विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए।

रोजगार मेले में प्रधानमंत्री मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े थे। इस दौरान उन्होंने 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे।

रोजगार मेले में प्रधानमंत्री मोदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े थे। इस दौरान उन्होंने 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे।

रेलवे में चार चरणों में निकाली जा रही भर्तियां

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे में 1 लाख 78 हजार भर्तियों पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाएं लंबे समय तक चलती थीं, लेकिन अब रेलवे में वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू किया गया है। इसके तहत हर साल चार चरणों में भर्तियां निकाली जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि पहले क्वार्टर में लोको पायलट, दूसरे क्वार्टर में टेक्निशियन और अन्य श्रेणियों, तीसरे क्वार्टर में नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी जैसे स्टेशन मास्टर और जूनियर इंजीनियर तथा चौथे क्वार्टर में लेवल-1 की भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी किए जाते हैं। इससे युवाओं को भर्ती प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी और समयबद्ध अवसर मिल रहे हैं।

रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मंच साझा करते हुए।

रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मंच साझा करते हुए।

राजस्थान में 200 नई ट्रेनें चलाने की तैयारी

रेल मंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार विस्तार कर रही है। नई ट्रेनें शुरू की जा रही हैं और देशभर में 36 हजार किलोमीटर नए ट्रैक बिछाने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में चल रहे रेलवे प्रोजेक्ट पूरे होने के बाद राज्य में 200 नई ट्रेनें चलाने की योजना है। कोविड के बाद राजस्थान को 50 से अधिक नई ट्रेनें दी जा चुकी हैं।

इस दौरान रेल मंत्री ने युवाओं से संवाद भी किया और उन्हें देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

रोजगार मेले में पहुंचे युवा और सम्मानीय अतिथिगण।

रोजगार मेले में पहुंचे युवा और सम्मानीय अतिथिगण।

‘देश प्रथम’ की भावना से काम करें युवा : भूपेंद्र यादव

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि रोजगार मिलने का अर्थ केवल व्यक्तिगत सुरक्षा नहीं है, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से अपने कार्यकाल में “देश प्रथम” की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।

रोजगार मेले में कुल 51 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र मिले।

रोजगार मेले में कुल 51 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र मिले।

विकसित भारत में युवाओं की बड़ी भूमिका : प्रधानमंत्री मोदी

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र केवल रोजगार नहीं, बल्कि देश की विकास यात्रा में भागीदारी का अवसर है। उन्होंने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में जिम्मेदारी संभालने जा रहे युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि में युवाओं के माता-पिता और समाज का भी योगदान है, इसलिए सभी को समाज के प्रति अपने दायित्व को समझना चाहिए। उन्होंने हाल ही में अपनी विदेश यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया भारत के युवाओं और भारत की तकनीकी प्रगति को लेकर उत्साहित है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विभिन्न देशों के साथ भारत की साझेदारी का उद्देश्य युवाओं को ग्लोबल एक्सपोजर देना है। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड के साथ सेमीकंडक्टर सेक्टर को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है, जिससे आने वाले समय में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार होंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *