आगरा में सपा अल्पसंख्यक सभा की राष्ट्रीय सचिव मोनिका नाज खान ने महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पद से इस्तीफा दे दिया। मंगलवार शाम जारी 57 सेकंड के वीडियो में उन्होंने तीन दिन में सम्मान और न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी।
मोनिका ने कहा कि वह लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में ऐसा कदम उठाएंगी। वीडियो में वह फूट-फूटकर रोती हुई नजर आ रही हैं और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से न्याय की गुहार लगा रही हैं।
मामले के सामने आने के बाद आगरा के सियासी हलकों में हलचल है। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय सपा नेताओं ने भी इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।

57 सेकंड वीडियो जारीकर महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाती मोनिका नाज खान, और न्याय न मिलने पर फांसी की चेतावनी देती हुई।
25 साल पार्टी को दिए, चरित्र पर सवाल बर्दाश्त नहीं
वीडियो में मोनिका नाज खान ने दावा किया कि महानगर अध्यक्ष ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि वह लगातार बदनाम किए जाने और अपने चरित्र पर सवाल उठाए जाने से परेशान हैं।
मोनिका ने कहा, “मैंने समाजवादी पार्टी को 25 साल दिए हैं। मैं अपना करियर खराब नहीं करना चाहती। मेरे ऊपर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे गलत हैं। इसकी जांच कराई जाए। अगर मैं गलत हूं तो मुझे सजा दे दी जाए, लेकिन इस तरह अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगी।”
उन्होंने कहा कि तीन दिन के अंदर उन्हें सम्मान और न्याय नहीं मिला तो वह लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय जाकर आत्महत्या जैसा कदम उठाएंगी। मोनिका ने बताया कि वह अखिलेश यादव को राखी बांधती हैं और उन्हें अपना बड़ा भाई मानती हैं। इसलिए उन्हें उन्हीं से न्याय की उम्मीद है।

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को राखी बांधती मोनिका नाज खान
इस्तीफा पत्र में मानसिक उत्पीड़न का आरोप
मोनिका नाज खान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजे इस्तीफे में लिखा है- मैं मोनिका नाज खान, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव पद से इस्तीफा देती हूं। महानगर अध्यक्ष आगरा और उनके साथियों द्वारा लगातार अपमानित करने, झूठी शिकायतें करने और मानसिक उत्पीड़न के कारण पद पर बने रहना संभव नहीं है।
उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया कि इस्तीफा पार्टी की विचारधारा से नाराजगी के कारण नहीं दे रही हैं। उन्होंने लिखा, “मैं समाजवादी पार्टी की कार्यकर्ता हूं और रहूंगी। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी मेरे नेता हैं और आखिरी सांस तक रहेंगे।
लखनऊ तक पहुंचा मामला, नेतृत्व के संज्ञान लेने की चर्चा
मोनिका के वीडियो और इस्तीफे के बाद मामला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि जल्द ही नेतृत्व इस पर संज्ञान ले सकता है। हालांकि, इस संबंध में पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
मोनिका नाज खान के वीडियो में अखिलेश यादव के साथ उनकी तस्वीर भी दिखाई गई है। वहीं, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास पर लगाए गए आरोपों को लेकर उनका पक्ष सामने आना बाकी है।

