कोल : अलीगढ़ में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ई-टिकटों के अवैध कारोबार पर कार्रवाई की है। इगलास में एक जनसेवा केंद्र संचालक को पर्सनल यूजर आईडी से टिकट बेचने और यात्रियों से ज्यादा पैसे लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। RPF ने ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ के तहत यह कार्रवाई की।
RPF के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 दिन बुधवार को अलीगढ़ के प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार तिवारी के निर्देश पर टीम ने इगलास के एक जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। यहां से हरौथा गांव, थाना इगलास के रहने वाले 29 साल के कन्हैया लाल को पकड़ा गया। जांच में उसकी पर्सनल यूजर आईडी ‘krishnathakur1’ से बनाए गए कई ई-टिकट मिले।
RPF ने आरोपी के पास से भविष्य की यात्रा के तीन ई-टिकट बरामद किए, जिनकी कीमत 6,433.95 रुपए है। इसके अलावा, पहले यात्रा कर चुके 15 ई-टिकट भी मिले, जिनकी कीमत 20,044.20 रुपए बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यात्रियों को टिकट देने के बदले हर टिकट पर 100 से 150 रुपए ज्यादा लेता था। RPF के अनुसार, इस एक पर्सनल यूजर आईडी से अब तक करीब एक लाख रुपए के टिकट बेचे जा चुके हैं।
रेलवे नियमों के मुताबिक, पर्सनल यूजर आईडी का इस्तेमाल सिर्फ अपनी यात्रा के लिए टिकट बुक करने के लिए होता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर इसी आईडी से लगातार यात्रियों के लिए टिकट बनाए जा रहे थे और ज्यादा पैसे लिए जा रहे थे, तो यह काम कितने समय से चल रहा था। RPF अब टिकटों और डिजिटल रिकॉर्ड की मदद से पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में एक डेल सीपीयू, एक मोटोरोला मोबाइल और 1,700 रुपए नकद मिले हैं। आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत RPF पोस्ट अलीगढ़ में केस दर्ज किया गया है। टीम में उपनिरीक्षक धीरज चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक सुधीर कुमार, हेड कांस्टेबल श्रीनिवास शर्मा और कांस्टेबल तेजपाल यादव शामिल थे।

