Breaking
Wed. Apr 29th, 2026

दोस्त की मौत की खबर सुन दूसरे दोस्त ने दम-तोड़ा:स्कूल में साथ-साथ पढ़े, मुंबई में व्यापार किया

बाली : पाली जिले में दोस्त की मौत की खबर सुन दूसरे दोस्त ने भी 12 घंटे के भीतर दम तोड़ दिया। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। साथ-साथ पढ़ाई की थी। इसके बाद साथ में मुंबई में रहे और व्यापार किया। दोनों की दोस्ती की पूरे क्षेत्र में मिशाल दी जाती थी।

बीजापुर क्षेत्र के भन्दर गांव निवासी धनराज त्रिवेदी (68) का रविवार सुबह 4 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया। जब गांव के ही देवराज (74) को इसकी सूचना मिली तो उनकी भी तबीयत बिगड़ गई। देवराज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

एक ही स्कूल में पढ़े और फिर मुंबई गए

भन्दर गांव के उप सरपंच मुकेश दवे ने बताया-धनराज त्रिवेदी और देवराज दवे ने एक स्कूल से पढ़ाई की थी। इसके बाद दोनों ने लंबे समय तक मुंबई में व्यापार किया। कोरोना काल के बाद दोनों दोस्त अपने गांव वापस लौट आए। दोनों के परिवारों के बीच में भी गहरा लगाव है। एक गली छोड़कर ही दोनों का घर है।

गांव लौटते समय बिगड़ी देवराज की तबीयत

मुकेश दवे ने बताया- धनराज के निधन की सूचना मिलने के बाद रविवार की शाम 4 बजे नोवी गांव से भन्दर लौटते समय देवराज की तबीयत बिगड़ गई। घर पहुंचने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान देवराज की मौत हो गई।

सोमवार को किया गया अंतिम संस्कार

एडवोकेट मुकेश बोहरा ने बताया- परिजन दोनों दोस्तों का एक साथ अंतिम संस्कार करना चाह रहे थे। गर्मी के चलते शव को सुरक्षित रखने के लिए डी फ्रीजर की व्यवस्था की गई। सोमवार सुबह 7:30 धनराज त्रिवेदी का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं परिजनों के आने में देरी के चलते सुबह 11:30 बजे देवराज का अंतिम संस्कार किया गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *