आगरा : मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू मंगलवार को ताजमहल देखने आगरा पहुंचे। उन्होंने ताजमहल का इतिहास और शाहजहां की लव स्टोरी जानी। ताजमहल की नक्काशी को बारीकी से देखा। मुइज्जू ने गाइड राजीव सिंह ठाकुर से कहा- मैं जितना सोचता था, ये तो उससे भी खूबसूरत है।
मुइज्जू की वाइफ साजिदा मोहम्मद ने गाइड से पूछा- इसे कितने लोगों ने बनाया। बनाने वाले आज कहां रहते हैं। गाइड ने जवाब दिया- ताजगंज एरिया में उनकी पीढ़ी से जुड़े कई परिवार आज भी रहते हैं।
मुइज्जू के ताज दौरे से जुड़ी 5 तस्वीरें…

UP के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के साथ राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और उनकी पत्नी साजिदा मोहम्मद।

ताजमहल में पत्नी के साथ राष्ट्रपति मुइज्जू ने फोटो क्लिक कराई।

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने ताजमहल का मोमेंटो राष्ट्रपति मुइज्जू को सौंपा।

मुइज्जू और उनकी पत्नी साजिदा ने ताजमहल की खूबियां जानीं।

गोल्फ कार्ट में बैठकर मुइज्जू पत्नी के साथ ताजमहल पहुंचे।
UP के मंत्री बोले- भारत-मालदीव के संबंधों के लिए ये ऐतिहासिक पल
आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर UP के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मालदीव के राष्ट्रपति का स्वागत किया। यहां से वे शिल्पग्राम के लिए रवाना हुए। मुइज्जू गोल्फ कार्ट में बैठकर ताजमहल पहुंचे। सुबह 8:55 से 9:55 बजे तक का समय मोहम्मद मुइज्जू की ताजमहल यात्रा के लिए निर्धारित था। इस दौरान ताजमहल में पर्यटकों की एंट्री रोक दी गई।
राष्ट्रपति के ताजमहल पहुंचने से करीब आधा घंटा पहले सभी पर्यटकों को स्मारक से बाहर निकाल दिया गया। पूर्वी और पश्चिमी गेट पर बने टिकट विंडो भी इस दौरान बंद रहे। ताज का दीदार करने के बाद मुइज्जू सुबह 10:50 बजे आगरा एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हो गए। योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भारत और मालदीव के मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत बनाए रखने के लिए यह ऐतिहासिक पल है।

खेरिया एयरपोर्ट पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू का स्वागत किया।
सुबह नहीं खुलीं ताज पूर्वी गेट की दुकानें
पुलिस ने सुबह 11 बजे तक दुकानें बंद रखने का अनाउंसमेंट किया था। पाठक प्रेस बैरियर से पूर्वी गेट की तरफ सुबह से क्षेत्रीय निवासियों को प्रवेश नहीं दिया गया। VIP विजिट के दौरान पहले भी हमेशा ताजमहल के बंद होने के समय ही दुकानें बंद कराई जाती रही हैं। हालांकि, अब पहली बार सुबह से दुकानें बंद कर दी गईं।
रविवार शाम भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे थे मुइज्जू
राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू रविवार (6 अक्टूबर) की शाम नई दिल्ली पहुंचे। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में उनका स्वागत किया गया। भारत दौरे पर उन्होंने कहा कि उनके देश की ‘मालदीव फर्स्ट’ की नीति से भारत के संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि मालदीव कभी भी ऐसा कुछ नहीं करेगा, जिससे भारत की सुरक्षा को नुकसान पहुंचे। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए गए एक इंटरव्यू में मुइज्जू ने ये भी कहा कि दूसरे देशों के साथ मालदीव के संबंधों का भारत के साथ रिश्ते पर असर नहीं पड़ेगा। यह यात्रा इसे और मजबूती देगी।
मुइज्जू बोले- भारत ने जरूरत के समय साथ दिया

सोमवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति मुइज्जू, PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई।
भारत ने नकदी की कमी से जूझ रहे मालदीव को 100 मिलियन डॉलर का ट्रेजरी बिल रोल ओवर दिया है। दिल्ली में मालदीव के राष्ट्रपति ने भारत के साथ 400 मिलियन अमरीकी डॉलर के करेंसी स्वैप एग्रीमेंट और 3000 करोड़ रुपए की मदद के लिए भारत को धन्यवाद दिया। कहा- भारत जरूरत के समय मालदीव के साथ खड़ा रहा है। मालदीव और ज्यादा भारतीय पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है।
मुइज्जू के राष्ट्रपति बनने के बाद बढ़ा था भारत-मालदीव में तनाव
नवंबर 2023 में मुइज्जू के सत्ता संभालने के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव पैदा हो गया था। मुइज्जू राष्ट्रपति बनने के पहले से ही मालदीव से भारतीय सैनिकों को हटाने की मांग कर रहे थे। 45 साल के मुइज्जू ने चुनाव में भारत समर्थक मोहम्मद सोलिह को हराया था।