अयोध्या : रामलला के दर्शन के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। दर्शन हो भी जाते हैं, लेकिन एक फाइल के दर्शन करने के लिए अधिकारी के टेबल दर टेबल घूमते रहना पड़ता है। पहले टेबल पर बैठे अधिकारी से दर्शन लो, फिर फाइल दूसरी, तीसरी, चौथी टेबल से होती हुई पांचवीं पर पहुंचेगी। हर टेबल पर अधिकारी फाइल में कमियां निकालता रहेगा।
ये कहना है उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का। राज्यपाल सोमवार को अयोध्या सीएसआर कॉन्क्लेव 2025 में शामिल हुईं। इस दौरान सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) फंड की स्वीकृति से जुड़ी फाइलों को लेकर उन्होंने कटाक्ष किया।

NGO द्वारा लगाए गए स्टॉल पर राज्यपाल ने बच्चों के खेलने के सामान को देखा।
राज्यपाल ने अधिकारियों को सलाह देते हुए कहा कि फाइल अगर आपके टेबल पर आती है, तो वहीं उसकी सारी कमियां दूर कर उसे आगे भेजें। जब तक फाइल एसीएस (अपर मुख्य सचिव) तक पहुंचती है, उसमें सिर्फ कमियां ही रह जाती हैं।
यह स्थिति केवल उत्तर प्रदेश में नहीं, बल्कि लगभग हर राज्य की है। शासन और प्रशासन को जनहित के कामों में तेजी दिखानी चाहिए, खासकर जब बात बच्चों और महिलाओं के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी हो।
राज्यपाल ने अयोध्या धाम के 15 वार्डों में प्रस्तावित 70 नवसृजित आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों का शिलान्यास भी किया। विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडल प्राप्त खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया। आयोजन डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में हुआ। राज्यपाल आज राम नगरी में प्रवास की करेंगी।

महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का स्वागत किया।
15 कंपनियों के साथ CSR समझौता
राज्यपाल के सामने IRFC, कोलगेट-पामोलिव, सिग्नीफाई इंडिया (फिलिप्स), PGCIL, KM शुगर मिल, रौजागांव शुगर मिल, अमृत बॉटलर्स और पका ग्रुप समेत 15 से ज्यादा संस्थानों के साथ CSR समझौते हुए। जिसके तहत फंड से आंगनबाड़ी केंद्रों में कॉपी, किताबें, मोबाइल और शिक्षा से जुड़ी अन्य चीजें पहुंचाई जाएंगी।
- IRFC और बाल विकास विभाग के बीच 1000 आंगनबाड़ी केंद्रों पर चेयर, टेबल, खिलौने, लर्निंग मटेरियल उपलब्ध कराने का एमओयू हुआ।
- कोलगेट-पामोलिव द्वारा 2381 आंगनबाड़ी केंद्रों के 2 लाख बच्चों को डेंटल किट, सफाई और नशामुक्ति पर आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- सिग्नीफाई इंडिया द्वारा 58 ग्रामसभाओं में स्ट्रीट लाइट वितरित की जाएंगी।
- पका ग्रुप द्वारा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में सैनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की जाएंगी।
- एचपीवी वैक्सीन अभियान के तहत किशोरियों को मुफ्त टीकाकरण कर गर्भाशय कैंसर से सुरक्षा दी जाएगी।

