बागपत : यूपी के रहने वाले त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का शव मिला है। सोमवार सुबह वह पुलिस मुख्यालय में अचेत मिले। अधिकारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, अनुराग धनखड़ ने सुसाइड किया है। उनका शव फिलहाल अगरतला के गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल में रखा गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर जांच कर रही हैं।
अनुराग धनखड़ 1994 बैच के IPS अफसर थे और बागपत के रहने वाले थे। इन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों की जांच की थी।
25 साल पहले बागपत आए थे अनुराग धनखड़
अनुराग धनखड़ बागपत शहर से करीब 7 किलोमीटर दूर बिहारीपुर गांव के रहने वाले थे। वह करीब 25 साल पहले आखिरी बार गांव आए थे। गांव में उनका पैतृक मकान है, लेकिन गेट पर ताला लगा है। गांववालों ने बताया कि उनके परिवार का कोई सदस्य अब यहां नहीं रहता।

यह अनुराग धनखड़ का बागपत में पैतृक मकान है, जिसके गेट पर ताला लगा है।
गांव के प्राइमरी स्कूल में पढ़े थे अनुराग
अनुराग के बड़े भाई रमेश कुमार नेवी से रिटायर हैं। जबकि, छोटे भाई रवि कुमार किसान हैं। अनुराग ने 5वीं तक की पढ़ाई गांव के प्राइमरी स्कूल से की थी। फिर 12वीं सरूरपुर इंटर कॉलेज से किया। इसके बाद बड़ौत डिग्री कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था।
डीजीपी अनुराग धनखड़ के मित्र रमेश कुमार ने बताया- हम दोनों 12वीं तक साथ में पढ़े हैं। अनुराग वॉलीबॉल के अच्छे खिलाड़ी थे। ग्रेजुएशन के बाद वह दिल्ली चले गए थे।

