Breaking
Fri. Jun 19th, 2026

हाथरस में बिजली चोरी रोकने गई टीम पर डंडे चलाए:एक कर्मचारी घायल, पुलिस से शिकायत

सादाबाद : सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगला दुर्जिया गांव में शुक्रवार को बिजली विभाग की टीम पर हमला किया गया। यह टीम राजस्व वसूली और बिजली चोरी रोकने के लिए गांव पहुंची थी। हमले में विभाग का एक कर्मचारी घायल हो गया। विभाग ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मई पर तैनात टीजी-2 कर्मचारी बीरपाल सिंह ने सादाबाद थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 11 केवी मिढ़ावली फीडर से पोषित नगला दुर्जिया गांव में राजस्व वसूली शिविर लगाया गया था। यह फीडर हाई लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में आता है। टीम गांव में घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा करने की अपील कर रही थी और बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काट रही थी।

सुबह करीब 11:15 बजे टीम आरोपी युवक के घर पहुंची। आरोपी बिना वैध कनेक्शन के अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहा था। कर्मचारियों ने उसे समझाया और पोल से जुड़ी अवैध केबल काट दी। इस पर आरोपी भड़क गया और टीम के सदस्यों के साथ अभद्रता व गाली-गलौज करने लगा।

तहरीर के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपी घर से डंडा लेकर आया और बिजली विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में टीम के सदस्य भीम सिंह, जो नानऊ के निवासी हैं, के हाथ में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर पुलिस को दी गई।

बिजली विभाग के कर्मचारी बीरपाल सिंह ने आरोपी देवा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। तहरीर में श्रीराम, भीम सिंह, लोकेश कुमार, सुमित कुमार, धनवान सिंह, अब्दुल हमीद और सत्यवीर सिंह को टीम का सदस्य और प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है। चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने कहा है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *