दैनिक उजाला, मथुरा : मथुरा में दरोगा ने महिला दरोगा के कमरे में घुसकर छेड़खानी की। रेप करने का भी प्रयास किया, लेकिन महिला दरोगा ने शोर मचाया। दरोगा को धक्का देकर चिल्लाते हुए बाहर निकली। शोर सुनकर थाने के पुलिसकर्मी आ गए। उन्हें देखकर दरोगा वहां से भाग गया।
इसके बाद महिला दरोगा ने SSP शैलेश पांडेय को फोन कर पूरी बात बताई। SSP ने तत्काल SP ग्रामीण त्रिगुण विशेन को थाने भेजा। CCTV चेक किए तो दरोगा महिला के कमरे से निकलता दिखाई दिया। दरोगा से पूछताछ की तो वह भागने लगा।
मगर CO और पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इस दरोगा ने अपनी स्मार्ट घड़ी और मोबाइल तोड़कर फेंक दिए। उसकी वर्दी उतरवाई गई। फिलहाल, पीड़ित दरोगा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

लाल घेर में आरोपी दरोगा मोहित राणा है।
दरवाजा खुला देखकर कमरे में घुसा दरोगा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दरोगा मोहित राणा बुलंदशहर का रहने वाला है। उसका मुजफ्फरनगर में मकान है। वह सात माह से थाने में तैनात है। पीड़ित महिला दरोगा ने बताया कि बुधवार को वह दरोगा ड्यूटी करके अपने कमरे में आराम कर रही थी। उसका कमरा थाना परिसर में ही है। देर रात 12 बजे नशे में धुत होकर दरोगा मोहित पहुंचा। उसके कमरे का दरवाजा खुला था।
मुंह दबाने की कोशिश की, फिर धक्का देकर भागी
यह देखकर वह मेरे कमरे में घुस गया और छेड़खानी शुरू कर दी। मैंने उसे धक्का दिया, लेकिन दरोगा मेरे ऊपर ही गिर पड़ा और गंदी हरकत करने लगा। अपने आप के बचाव में चिल्लाने लगी। मैंने भागने की कोशिश की तो मुंह दबाने लगा।
इसके बाद मैंने जोर से उसे धक्का दिया। फिर चिल्लाते हुए वहां से भागी। मेरी आवाज सुनकर थाने के अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। मैं डर गई थी। जब तक मैंने उन्हें कुछ बताती, तब तक दरोगा वहां से भाग गया। इसके बाद मैंने एसएसपी शैलेश पांडे फोन किया। उन्हें दरोगा की हरकत के बारे में बताया।

आरोपी दरोगा को पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
CCTV में महिला के कमरे में जाता दिखा दरोगा
इधर, महिला थाने में दरोगा की सूचना मिलते ही SSP ने मामले की जांच के आदेश दे दिए। उन्होंने एसपी देहात त्रिगुण विशेन और सीओ गोवर्धन आलोक कुमार गुप्ता को थाने भेजा। गुरुवार दोपहर दोनों अधिकारी थाना पहुंचे और पीड़ित दरोगा से मामले की जानकारी ली। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे भी देखे गए। इसमें दरोगा कमरे में जाता हुआ दिखा, फिर वहां से निकलता हुआ दिखा।
CCTV दिखाई तो भागने लगा
एसपी देहात त्रिगुण विशेन ने पूछताछ के लिए आरोपी दरोगा मोहित को बुलाया। उन्होंने दरोगा को जमकर डांटा और जेल भेजने की बात कही। पहले तो वह अपने आपको बेकसूर बताता रहा, लेकिन जब उसे CCTV दिखाए गए, तो आरोपी दरोगा थाने से भाग निकला। सीओ और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। फिर उसकी वर्दी उतरवाई गई।
SSP शैलेश पांडे ने बताया कि दरोगा ने महिला दरोगा के कमरे में घुसकर उनके साथ छेड़खानी और अभद्रता की। मामला संज्ञान में आने पर जांच कराकर पीड़िता की शिकायत आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। आरोपी दरोगा गिरफ्तार कर लिया गया है।