Breaking
Tue. May 12th, 2026

‘मैं अपनी किडनी आपको देने आया हूं’:संत प्रेमानंद महाराज से मिलकर भावुक हुए मनिंद्र सिंह बिट्टा

मथुरा : एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष मनिंद्र सिंह बिट्टा ने संत प्रेमानंद और देवकी नंदन महाराज से मुलाकात की। मनिंद्र सिंह बिट्टा ने संत प्रेमानंद महाराज को दंडवत प्रणाम किया और उनका आशीर्वाद लिया।

मनिंद्र सिंह बिट्टा ने संत प्रेमानंद महाराज को दुपट्टा पहनाया और प्रसाद भेंट किया। संत प्रेमानंद महाराज से मिलकर मनिंद्र सिंह बिट्टा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि जीवन में मैंने बहुत संघर्ष देखे। अनेक जवानों को शहीद होते देखा, लेकिन मैं आज भी जीवित हूं।

यह ईश्वर और संतों की कृपा है। अब मेरी सभी इच्छाएं पूरी हो चुकी हैं और मैं अपनी किडनी संत प्रेमानंद महाराज को समर्पित करने आया हूं। इस पर संत प्रेमानंद महाराज ने कहा इसके लिए साधुवाद, लेकिन मैंने संकल्प लिया है कि किसी के शरीर का एक बूंद खून भी अपने शरीर में नहीं लेंगे।

इसके बाद मनिंद्र सिंह बिट्टा ने देवकी नंदन महाराज से भी मुलाकात की। सनातन बोर्ड के गठन की मांग का समर्थन किया। देवकी नंदन महाराज ने उत्तर प्रदेश में सनातन बोर्ड के गठन की मांग दोहराते हुए कहा कि सरकार को इस दिशा में जल्द निर्णय लेना चाहिए।

दो दिन की ब्रज यात्रा पर मनिंद्र सिंह बिट्टा

मनिंद्र सिंह बिट्टा अपनी दो दिन की ब्रज यात्रा पर हैं। पहले दिन सोमवार को उन्होंने गिर्राज जी में भगवान गोवर्धन नाथ के दर्शन किए। दूसरे दिन मंगलवार को वह वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज और देवकी नंदन महाराज से मुलाकात की। मनिंद्र सिंह बिट्टा रमण रेती क्षेत्र स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे। मनिंद्र सिंह बिट्टा यहां 15 मिनट तक रहे।

जीवन में सबकुछ देख लिया- मनिंद्र सिंह बिट्टा

मनिंद्र सिंह बिट्टा ने कहा- मुझ पर कई बार हमले हुए, कई जवान शहीद हुए, लेकिन मैं बोनस की जिंदगी में बच गया। यह सब आपकी और राधारानी की कृपा से संभव हुआ। मैंने सभी तीर्थ स्थलों के दर्शन किए हैं और जीवन में बहुत कुछ देख लिया है।

अब धारा 370 हट चुकी है। घर-घर तिरंगा लहरा रहा है और राम मंदिर का निर्माण भी हो गया। जिन चीजों को देखने की उम्मीद नहीं थी, वह भी देख लीं।

मनिंद्र सिंह बिट्टा ने कहा- मैंने सभी तीर्थ स्थलों के दर्शन किए हैं। जीवन में सब कुछ देख लिया।

मनिंद्र सिंह बिट्टा ने कहा- मैंने सभी तीर्थ स्थलों के दर्शन किए हैं। जीवन में सब कुछ देख लिया।

आप इस भेष में भी संत हैं- संत प्रेमानंद महाराज

संत प्रेमानंद महाराज ने मनिंद्र सिंह बिट्टा की बात सुनने के बाद कहा- आपने अपना जीवन भारत देश, धर्म और राष्ट्र सुख के लिए समर्पित किया है। अधिकांश लोग अपने सुख के लिए कार्य करते हैं, लेकिन आपने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।

इसलिए आपको बार-बार प्रणाम है। आपकी भावना संतों जैसी है। आप इस भेष में भी संत हैं, क्योंकि आपने राष्ट्र सुख के लिए अपना जीवन बलिदान करने का प्रयास किया है।

मैं अपनी किडनी आपको देने आया हूं- मनिंद्र सिंह बिट्टा

मनिंद्र सिंह बिट्टा ने हाथ जोड़कर कहा- मैंने अपनी किडनी को मंदिर की तरह संभालकर रखा है। मेरी सभी इच्छाएं पूरी हो चुकी हैं। मैं अपनी किडनी आपको देने आया हूं, कृपया मुझे वापस मत भेजिए। यह सुनकर संत प्रेमानंद महाराज मुस्कुरा दिए।

संत प्रेमानंद महाराज ने कहा- मैं भागवत शक्ति से संपन्न हूं। मेरी किडनी मुझे परास्त नहीं कर सकती। जिस दिन अंतिम सांस होगी, उसी दिन शरीर साथ छोड़ेगा। अभी किडनी खराब होने और लगातार डायलिसिस के बावजूद ईश्वर की कृपा से सब चल रहा है।

संत प्रेमानंद महाराज ने कहा- अगर किसी व्यक्ति का शरीर या उसके अंग समाज और देश की सेवा में लगें, तो यह बहुत पुण्य का कार्य है। बिट्टा ने फिर भी किडनी देने की इच्छा जताई।

किसी के शरीर का खून या अंग अपने शरीर में स्वीकार नहीं करेंगे

इस पर संत प्रेमानंद महाराज ने कहा- हमने संकल्प लिया है कि हम समाज सेवा में जीवन लगाएंगे, लेकिन किसी के शरीर का खून या अंग अपने शरीर में स्वीकार नहीं करेंगे। पिछले 20 वर्षों से मेरी किडनी खराब है और कई सालों से डायलिसिस चल रहा है।

फिर भी ईश्वर की कृपा से मैं बोल और सेवा कर पा रहा हूं। मैं आपकी भावना का सम्मान करता हूं। अगर आपके शरीर का कोई अंग भारतीय सेना या समाज की सेवा में लगे, तो यह सबसे बड़ा पुण्य होगा।

देवकी नंदन महाराज की सनातन बोर्ड के गठन की मांग का किया समर्थन

मनिंदर सिंह बिट्टा ने देवकी नंदन महाराज द्वारा सनातन बोर्ड का गठन करने की मांग को लेकर चलाई जा रही मुहिम का समर्थन किया।
मनिंदर सिंह बिट्टा ने देवकी नंदन महाराज द्वारा सनातन बोर्ड का गठन करने की मांग को लेकर चलाई जा रही मुहिम का समर्थन किया।

मनिंद्र सिंह बिट्टा संत संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद देवकी नंदन महाराज के आश्रम प्रियकांत जू मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सनातन बोर्ड गठन की मांग का समर्थन किया। देवकी नंदन महाराज काफी समय से इस मुद्दे पर अभियान चला रहे हैं।

मुलाकात के दौरान देवकी नंदन महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में सनातन बोर्ड का गठन कर देना चाहिए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *