Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

योगी बोले- टोटी चोर चोरी करते रहेंगे, पानी बहता रहेगा:अखिलेश यादव चिंता न करें, हर हफ्ते नियुक्ति पत्र बांटेंगे

लखनऊ : सीएम योगी ने सोमवार को बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर तंज कसा। कहा कि गांवों में बीमारी के दो कारण हैं- गंदगी और साफ पानी की कमी। स्वच्छता अभियान से गंदगी बंद हुई। हर घर नल योजना से पानी मिल रहा है। अगर कोई टोटी चोरी करके ले जा रहा है तो प्लंबर उसे ठीक कर पा रहा है। वरना पता चला कि टोटी चोर टोटी चोरी करते रहेंगे और पानी बहता रहेगा।

सीएम योगी ने अखिलेश के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा-

QuoteImage

सपा अध्यक्ष एक दिन कह रहे थे कि नियुक्त पत्र नहीं बांटे जा रहे हैं तो हमने कहा कि चिंता मत करो, हर सप्ताह नियुक्ति पत्र बांटेंगे। अगले छह महीने में एक लाख नौजवानों को नियुक्ति पत्र दूंगा। आप गिनते रहिए, हम नौकरी देते रहेंगे।QuoteImage

दरअसल, टोटी चोरी का मामला 2017 में सपा के यूपी की सत्ता से हटने के बाद सामने आया था। बतौर सीएम अखिलेश को 4-विक्रमादित्य मार्ग पर आवास आवंटित था। सुप्रीम कोर्ट ने सभी पूर्व CM को आवास खाली करने का आदेश दिया था। अखिलेश ने भी अपना आवास खाली कर दिया। इसके बाद भाजपा के लोगों ने उन पर टोटी चोरी करने का इल्जाम लगाना शुरू कर दिया था।

अखिलेश कई बार इन आरोपों का जवाब दे चुके हैं। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि हमारे ऊपर इल्जाम लगा कि हम टोटी ले गए। मेरे जाने के बाद सीएम आवास को गंगाजल से धुलवाया गया। यह सब आप भूल सकते हो, मैं नहीं।

इससे पहले, योगी ने लखनऊ में 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को जॉइनिंग लेटर दिए। इस दौरान दो महिला अभ्यर्थी भावुक हो गईं। लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने रुंधे गले से कहा- मैं प्रेग्नेंट हूं। मुझे अपने बच्चे के भविष्य की चिंता थी, लेकिन अब कोई चिंता नहीं है। गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने कहा- मेरे घर की स्थिति अच्छी नहीं है। अब ठीक हो जाएगी।

राजभर बोले- नौकरी निकलते ही शिवपाल के चेले रेट तय करते थे

पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सीएम के विजन से विभाग का चेहरा बदला है। 2017 से पहले यह विभाग कागजी विभाग या सफाई तक सीमित माना जाता था। आज हमारा विभाग 57 हजार ग्राम पंचायतों में विकास की सबसे बड़ी धुरी बन चुका है।

6,581 ग्राम पंचायत अधिकारियों की भर्ती की है। पंचायत सहायकों के मानदेय में वृद्धि की है। आधुनिक पंचायत सचिवालय तैयार किया है। बैंकिंग सेवा के लिए तहसील या ब्लॉक के चक्कर नहीं लगाने पड़ते हैं। ये सीएम योगी की देन है कि बिना पैसे के नौकरी मिली है।

सपा की सरकार में जब भी नौकरी का विज्ञापन निकलता था, तो शिवपालजी के चेले-चमचे पूरे प्रदेश में निकलते थे। नौकरी का रेट तय करते थे, पैसा दोगे तो नौकरी मिलेगी। आप बताओ कि सपा का शासन अच्छा है या सीएम योगी का शासन अच्छा है।

कांग्रेस-सपा के लोग वास्तव में मुर्दा हैं, 2027 में इन्हें साफ करना है

राजभर ने कहा- अगर बिना पैसे के नौकरी चाहिए तो सीएम योगी को तीसरी बार सीएम बनाना है। कांग्रेस-सपा के लोग चिल्लाते हैं कि कुछ नहीं हो रहा है, इनके चश्मे का पावर कम होगा। मुझे खुशी है कि आज से 10 साल पहले छात्राओं के पढ़ने की संख्या 40 फीसदी थी। आज 100 फीसदी छात्राएं पढ़ने जा रही हैं।

सीएम तो कहते हैं कि यहां लड़की को छेड़ोगे तो आगे यमराज मिल जाएंगे। कांग्रेस-सपा के लोग वास्तव में मुर्दा हैं, जिंदा नहीं हैं। ये विचारधारा नहीं, विरोध और नफरत की राजनीति करना चाहते हैं। जनता भाईचारे की राजनीति करना चाहती है। 2027 में सपा को साफ करना है और कांग्रेस को हाफ करना है।

राजभर ने कहा- अकेले हनुमानजी लंका जलाकर आ गए थे। रावण की पूरी ताकत का पता लगाकर आए थे। आप तो 1,375 लोग हैं। आप बताओ कि सपा और कांग्रेस की लंका जलाओगे या नहीं? आप घबराओ नहीं, हम रोज अकेले ही आग लगाते रहते हैं।

मंत्री शाही बोले- किसी को भी गरीबी की रेखा के अंदर नहीं रखने देंगे

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यूपी में साढ़े नौ लाख जवानों को बिना घूसखोरी, बिना भ्रष्टाचार और बिना सिफारिश के नौकरी मिली है। गांधी जी के सपनों का भारत अब बन रहा है। कांग्रेस के लोग गांधी के नाम पर चुनाव लड़ते थे, लेकिन गांव के हालात ठीक नहीं किए।

मोदी-योगी सरकार के शासन में गांवों तक सड़कों का विस्तार हुआ। देश में सबसे तेज चलने वाला राज्य यूपी है। तीन करोड़ से अधिक लोगों के व्यक्तिगत शौचालय बन गए हैं। पहले गांव की सड़कें कितनी गंदी थीं, अब गांव की सड़कें साफ हैं।

अब गांवों और ग्रामीणों की तकदीर बदलने की जिम्मेदारी आप लोगों के हाथ दी जा रही है। किसी को भी गरीबी की रेखा के अंदर नहीं रखने देंगे, सभी को बीपीएल से बाहर लेकर आएंगे।

कुछ लोग गिरगिट की तरह रंग बदल रहे, सावधान रहिए

सीएम योगी कहा कि नियुक्ति पत्र एक नौजवान को मिल रहा है, लेकिन खुशी उनके रिश्तेदारों में है। उनके लिए यही दीपावली और होली है। पहले यूपी के बाहर कोई यहां के लोगों को पूछता नहीं था। कोई गरीब परिवार का बच्चा नौकरी की बात कर ही नहीं सकता था। योग्यता होने के बाद भी नौकरी उससे दूर होती थी। माफियाराज हावी था। जिन लोगों को यूपी को बीमारू बनाया, वे लोग आज नए रूप और नए स्लोगन के साथ गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं। इनसे सावधान रहने की आवश्यकता है। ये समाज में भ्रम फैलाकर प्रदेश को पीछे धकेलने का प्रयास करेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *