लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर : यूपी में भले ही मानसून कमजोर पड़ गया है, लेकिन पहाड़ों पर हो रही जोरदार बारिश से नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज में गंगा और यमुना का पानी घाटों पर बनी दुकानों तक पहुंच गया है। लोग पानी में डूबे तख्त पर बैठकर पूजा करते नजर आए। बिजनौर में मालन नदी उफान पर है। पानी छोटे पुलों के ऊपर से बह रहा है।
बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटान शुरू हो गया है। इसके चलते बांसडीह में 150 परिवार घर छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। बागपत में यमुना उफान पर है। तेज बहाव में 14 साल का लड़का बह गया। आसपास मौजद लोगों ने नदी कूदकर उसे बचाया।
महराजगंज और देवरिया में सोमवार देर शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार तड़के तक जारी रही। लखनऊ, बाराबंकी और अयोध्या में सुबह बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई।
आज 25 शहरों में बारिश का अलर्ट है। बाकी शहरों में उमस बढ़ेगी। पारा 40°C पार पहुंचेगा। मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान से आ रही सूखी हवाओं के चलते पश्चिमी यूपी से मानसूनी बादल गायब हो गए हैं। इससे 3-4 दिनों तक बारिश पर ब्रेक लगा रहेगा। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश होगी।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सिर्फ 16 शहरों में बारिश हुई। औसतन 8.8 मिमी. बारिश का अनुमान था, लेकिन सिर्फ 2.9 मिमी ही बारिश हुई। 1 जून से 12 जुलाई तक प्रदेश में 161.6 मिमी बारिश हुई, जो औसत से 19% कम है। महराजगंज में सबसे ज्यादा 79.9 मिमी, गोरखपुर में 41.1 मिमी, श्रावस्ती में 28.3 मिमी, संतकबीर नगर में 24.3 मिमी और सिद्धार्थनगर में 23.9 मिमी बारिश हुई।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-

मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने और सूखी हवाओं की वजह से बारिश पर ब्रेक लग गया है। हवा में मौजूद नमी उमस बढ़ा रही है। हफ्तेभर ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। जैसे ही बंगाल की खाड़ी या अन्य क्षेत्रों में नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होगा, बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
बलिया में घाघरा से कटान का खतरा, अपने घरों को तोड़ रहे लोग
बागपत में यमुना के तेज बहाव में बहा लड़का, गोताखोरों ने बचाया
- बागपत में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगर के पक्का घाट पर स्नान करने गया 14 वर्षीय मोहसिन नदी में डूबने लगा। बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव के कारण वह गहरे पानी में पहुंच गया। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे डूबता देखा तो अफरा-तफरी मच गई।
- घाट पर पहले से मौजूद निजी गोताखोर इरफान, आजाद और नौशाद ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत यमुना में छलांग लगा दी। तीनों ने कड़ी मशक्कत के बाद मोहसिन को सकुशल बाहर निकाल लिया। प्रशासन ने लोगों से बढ़े हुए जलस्तर के दौरान यमुना नदी में स्नान न करने और नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है।
देवरिया में देर रात जोरदार बारिश, सुबह से बादल छाए
देवरिया में सोमवार देर रात तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। मंगलवार सुबह से आसमान बादलों से घिरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 5 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। पिछले 5 दिनों में कुल 28 मिमी बारिश हुई है।
बलिया में सरयू-घाघरा नदी के किनारे कटान शूरू, 150 परिवारों ने घर छोड़ा


बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटान शुरू हो गया है। इसके चलते बांसडीह में 150 परिवार घर छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं।

