Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

यूपी में जिला अस्पताल के ICU में मरीज की हत्या, दूसरे पेशेंट के तीमारदार ने पीट-पीटकर मार डाला

  • मुजफ्फरनगर के जिला अस्पताल के आईसीयू में लिवर के मरीज रमेश पाल की पड़ोसी मरीज के तीमारदारों द्वारा पिटाई से मौत हो गई

मुजफ्फरनगर : स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के आइसीयू में रोगी को पीटकर मौत के घाट उतार दिया। रोगी लिवर की बीमारी के कारण पिछले तीन दिन से जिला अस्पताल में भर्ती था।

उसकी आइसीयू में ही पड़ोसी बेड पर लेटे रोगी व उसके स्वजन से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि पड़ोसी रोगी के स्वजन ने बाहर से युवकों को बुलाकर उसके साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी नाक से निरंतर खून बहने लगा। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

थाना नई मंडी के गांव बिलासपुर निवासी वेल्डिंग ठेकेदार 45 वर्षीय रमेश पाल पुत्र ओम प्रकाश के लिवर में समस्या बनी थी। इसका 10 जुलाई से आइसीयू में उपचार चल रहा था। सोमवार तड़के तीन बजे रमेश और उसके निकट ही दूसरे बेड पर अस्थमा रोगी भर्ती महिला तथा उसके स्वजन से कहासुनी हो गई।

आराेप है कि महिला रोगी के पुत्र संजय निवासी गोशाला रोड, नदी मार्ग ने रमेश पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मारपीट कर दी। बाहर से अपने साथियों को बुलाकर उसकी पिटाई की गई। मारपीट से रमेश की नाक से निरंतर खून बहने लगा।

उसे अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल इमरजेंसी में भर्ती कराया। यहां लगभग साढ़े आठ बजे रमेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रोगी की मौत के बाद स्वजन तथा ग्रामीणों ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया।

कहा कि जिला अस्पताल में गार्ड तैनात रहते हैं, उसके बाद भी घटना हो रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। रमेश पाल के पुत्र सागर पाल ने उसके पिता की पीटकर हत्या किए जाने की तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपित संजय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।

सोमवार को होनी थी छुट्टी, हमेशा के लिए चला गया

रमेश पाल के पुत्र सागर पाल ने बताया कि उसके पिता का तीन दिन से इलाज चल रहा था। वह स्वस्थ हो रहे थे। सोमवार लगभग तीन बजे उन्हें चक्कर आया और वह पास के ही बेड पर बैठ गए थे।

इसी बीच दूसरे मरीज के तीमारदारों ने उसके पिता के साथ मारपीट की। बताया कि वह अपनी बीमारी को लेकर आरोपितों से गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई सुनवाई की। सोमवार को उसके पिता की अस्पताल से छुट्टी होनी थी, लेकिन वह हमेशा के लिए चले गए। घटना से स्वजन में कोहराम मच गया।

जिला चिकित्सालय में कहासुनी के बाद रोगी के साथ मारपीट की गई थी। इससे लिवर की बीमारी से पीड़ित को गहरी चोट लग गई और उसकी नाक से खून बहना बंद नहीं हो सका। सोमवार लगभग साढ़े आठ बजे रोगी की मौत हो गई। उसके पुत्र की तहरीर पर आरोपित संजय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ब्रजेश कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर, नगर कोतवाली

जिला अस्पताल के आइसीयू में भर्ती रोगियों में कहासुनी हो गई थी। महिला रोगी के तीमारदारों व उसके साथियों ने लिवर रोग से ग्रस्त मरीज के साथ मारपीट कर दी। इससे उसकी नाक से खून बहना बंद नहीं हो सका। उपचार के दौरान रोगी की मौत हो गई। इस मामले में मुझे शिकायत नहीं मिली है।

संजय कुमार वर्मा, सीएमएस, जिला अस्पताल, मुजफ्फरनगर

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *