लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर : यूपी में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बुंदेलखंड समेत प्रदेश के कई जिले भीषण लू की चपेट में हैं। सोमवार को सुबह से लगभग सभी जिलों में तेज धूप निकली। हवा की रफ्तार धीमी होने की वजह से उमस का एहसास हुआ। मौसम विभाग (IMD) ने आज 33 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।
IMD का कहना है कि लोग अलर्ट रहें। दोपहर के वक्त घर से बाहर न निकलें। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का खास ख्याल रखें। अधिक से अधिक पानी पीएं और हल्के सूती कपड़े पहनें। सीएम योगी ने भी सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को सक्रिय रखने को कहा।
सीएम ने अफसरों को फील्ड में उतरने और संवेदनशील जिलों पर विशेष निगरानी रखने, राहत-बचाव की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी की व्यवस्था और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो बांदा देश में सबसे गर्म रहा। यहां पारा 46.4°C रिकॉर्ड किया गया। देश के 24 सबसे गर्म शहरों में यूपी के 4 जिले शामिल रहे। इसमें बांदा के अलावा झांसी (44.6°C), प्रयागराज (44.5°C) और हमीरपुर (44.2°C) शामिल हैं। कानपुर में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। प्रयागराज में अस्तबल में कूलर लगाए गए। गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथी को बार-बार नहलाया गया।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-

प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। 19 से 23 मई के बीच भीषण गर्मी पड़ेगी। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ेगा। लू चलेगी। तापमान में 3 से 4°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है। इससे अनुमान लगाया जा रहा कि 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगा। हालांकि, यह एक संभावित तिथि है।
मौसम?
- 19 मई: कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। दोपहर में लू चल सकती है।
- 20 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
- 21 मई: पूर्वांचल के उत्तर पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहेगा।
- 22 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। लू चलेगी। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है।
- 23 मई: पश्चिमी यूपी में तेज धूप निकलेगी। लू परेशानी बढ़ाएगी। पूर्वांचल में बारिश की संभावना है।
प्रयागराज में भीषण गर्मी, तापमान 44°C के पार

- प्रयागराज में आंधी और बारिश थमने के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकलने के कारण हालात गंभीर बन गए हैं। गर्मी और उमस की वजह से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
- मौसम विभाग की ओर से हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार, दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले दो दिनों से शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। आज पारा 44.5°C पहुंच सकता है।
आगरा में तापमान 43°C पार, 23 मई तक हीटवेव का अलर्ट

- आगरा में भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। दिन का तापमान 43°C पार कर गया है। दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। रात में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। स्थिति ये है कि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7°C अधिक हो गया है।
- रविवार को अधिकतम तापमान 43.3°C और न्यूनतम तापमान 26.2°C रहा। मौसम विभाग ने 23 मई तक हीटवेव को लेकर अलर्ट किया है। इस सप्ताह आगरा में तापमान 47°C को पार कर सकता है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मेरठ में तेज धूप, 42 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा
मेरठ में बीते दिन की तरह ही आज भी मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। बीते दिन का अधिकतम तापमान 41.3 था। आज यह 42 डिग्री के पार पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय से हल्की हवा भी चल रही है।
लखनऊ में भीषण गर्मी, 43 डिग्री पहुंचेगा तापमान
- लखनऊ में सुबह 7 बजे से ही तेज धूप निकली है। दोपहर में पारा 43 डिग्री के आसपास रहेगा। गर्म हवा के झोंके चलते रहेंगे। तापमान सामान्य से अधिक होने के चलते भीषण गर्मी का दौर बना रहेगा।
- इससे पहले, रविवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था।
- मौसम विभाग का अनुमान है कि अब लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जाएगा। ऐसे में लंबे समय तक गर्मी और धूप के संपर्क से बचने के इंतजाम करने होंगे। दिन में 11 बजे से 3 बजे के बीच जरूरी एहतियात बरतने की जरूरत है।

