Breaking
Thu. Jan 22nd, 2026

अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सपा के सिंबल पर लड़ेंगे INDIA गठबंधन के प्रत्याशी

  • यूपी उपचुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि नौ सीटों पर समाजवादी पार्टी के निशान पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा की नौ सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार रात बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य में ‘इंडिया’ ब्लॉक के सभी प्रत्याशी सपा के चुनाव चिन्ह साइकिल के निशान के साथ मैदान में उतरेंगे। 

अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “‘बात सीट की नहीं जीत की है’ इस रणनीति के तहत ‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त प्रत्याशी सभी नौ सीटों पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक बड़ी जीत के लिए एकजुट होकर, कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है। इंडिया गठबंधन इस उपचुनाव में, जीत का एक नया अध्याय लिखने जा रहा है।”

‘ये PDA का मान-सम्मान बचाने का चुनाव’

उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ आने से समाजवादी पार्टी की शक्ति कई गुना बढ़ गयी है। इस अभूतपूर्व सहयोग और समर्थन से सभी 9 विधानसभा सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ का एक-एक कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर नयी ऊर्जा से भर गया है। ये देश का संविधान, सौहार्द और PDA का मान-सम्मान बचाने का चुनाव है। इसलिए हमारी सबसे अपील है: एक भी वोट न घटने पाए, एक भी वोट न बंटने पाए। देशहित में ‘इंडिया गठबंधन’ की सद्भाव भरी ये एकता और एकजुटता आज भी नया इतिहास लिखेगी और कल भी।”

13 नवंबर को होगा मतदान

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की सभी नौ विधानसभा सीटों के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। वहीं मिल्कीपुर विधानसभा सीट के लिए अभी चुनावी तारीख की घोषणा नहीं होगी। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *