Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

’17 सितंबर से अगले एक महीने तक चलाएंगे सेवा संकल्प अभियान’, PM मोदी के बर्थडे से शुरू होने वाले कार्यक्रम को लेकर शाह का ऐलान

  • 17 सितंबर को PM मोदी के बर्थडे के दिन से अगले पूरे एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान, बीजेपी, उसके सहयोगी दल और तमाम संगठन चलाएंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने (रविवार को) मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके PM मोदी के बर्थडे के दिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के बारे में जानकारी दी। अमित शाह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर अगले 1 महीने तक चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम देश के हर जिले और हर विधानसभा में मनाया जाएगा। जानें मुंबई की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने क्या-क्या कहा।

पूरे एक महीने तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

अमित शाह ने कहा कि सारा एनडीए कुनबा और कई सारे स्वयंसेवी संगठन और कुल मिलाकर देश की जनता मिलकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान देश भर में चलाने वाले हैं। हम सब जानते हैं कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। पहले गुजरात में और बाद में देश भर में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक और कई जगह एक सप्ताह तक सेवा सप्ताह से वो जन्मदिन को मनाने का काम करते थे। लेकिन इस बार यह 1 महीने का होगा।

PM मोदी के कार्यकाल को पूरे हो रहे 25 साल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बोले, ‘इस साल एक विशेष प्रयोजन है क्योंकि एक लंबी संगठनात्मक कार्य कारकिर्दी के बाद 7 अक्टूबर 2026 को पीएम मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री काल के 25 साल पूरा हो रहे हैं और अभी प्रधानमंत्री का कार्यकाल उनका चालू है। तो इस देश में बहुत कम लोग, बहुत कम नेता ऐसे मिलते हैं जो राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में और देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 साल तक जनसेवा का रिकॉर्ड रखते हैं।’

PM मोदी का लगातार चुनकर आना, अपने नेतृत्व पर जनता का भरोसा बार-बार कसौटी देकर चुनावों की कसौटी में प्रस्थापित करना और लगातार 25 साल तक जनसेवा के राज्य के और राष्ट्र के कल्याण के इस यज्ञ को लगातार चालू रखना, ये बहुत बड़ी उपलब्धि है: अमित शाह

हर बूथ तक सेवा संकल्प अभियान को लेकर पहुंचेंगे

अमित शाह ने आगे कहा कि हम सभी एनडीए के घटक दल और भारतीय जनता पार्टी ने ये तय किया है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक हम ये एक माह सेवा संकल्प अभियान के रूप में चलाएंगे। ये सेवा संकल्प अभियान पूरे राष्ट्र में चलेगा। राष्ट्र की हर प्रशासनिक इकाई मतलब राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में चलेगा, हर जिले में, हर लोकसभा-विधानसभा क्षेत्र में और बूथ तक सेवा संकल्प अभियान को लेकर हम देश की जनता तक पहुंचने वाले हैं।

2014 से पहले भ्रष्टाचार और परिवारवाद से जूझ रही थी सियासत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 2014 से पहले, हमारी राष्ट्रीय राजनीति भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद से जूझ रही थी। 2014 से 2026 के दौर में, देश इन मुद्दों से आगे बढ़कर ‘काम-काज पर आधारित राजनीति’ की ओर बढ़ा है। 12 साल में पहली बार लोगों ने मजबूत विदेश नीति देखी है। चाहे हमारी रक्षा नीति हो या विदेश नीति, हमारा मुख्य सिद्धांत India First का है। भारत के हित हमारे लिए सबसे ऊपर हैं।

तेजी से बढ़ रही भारत की अर्थव्यवस्था

अमित शाह बोले कि हमने फ्रैजाइल फाइव की कैटेगरी से निकलकर टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं में जगह बनाई है। हाल के आंकड़ों से पता चलता है कि भारत 7.8 फीसदी की GDP विकास दर के साथ प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे आगे है। सबसे अहम बात यह है कि आजादी के बाद पहली बार भारतीय भाषाओं को उचित सम्मान मिलना शुरू हुआ है। इसके अलावा, जब भी भारतीय सैनिक या नागरिक आतंकवादी साजिशों या हमलों का शिकार होते हैं, तो उन्हें मुंहतोड़ जवाब देने के लिए अब एक मजबूत नीति लागू है।

हमने अनुच्छेद 370, नक्सलवाद और पूर्वोत्तर की स्थिति जैसे तीन पुराने मुद्दों को हल करके पूरी दुनिया को यह दिखाया है। इन मुद्दों ने लगभग 5 दशकों तक देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रखा था: अमित शाह

एक-एक घुसपैठिए को देश से निकालेंगे

वहीं, इंडिया टीवी के सवाल का जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा कि देश से चुन-चुनकर एक-एक घुसपैठिए को निकालेंगे। अपने बयान में अमित शाह ने ये भी कहा कि हमने कई राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया है। मुझे पूरा भरोसा है कि 2029 से पहले हम BJP के नेतृत्व वाले NDA की सरकार वाले सभी 21 राज्यों में UCC लागू कर देंगे। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे ऑपरेशन्स ने आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति स्थापित की है, साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *