दैनिक उजाला, बलदेव/मथुरा : मथुरा जिले के बलदेव नगर के कई मोहल्लों में बिजली व्यवस्था बेहद खराब हाल में पहुंच चुकी है, जिसकी ताज़ा तस्वीरें खुद विद्युत प्रशासन की बड़ी लापरवाही को उजागर कर रही हैं। जगह-जगह पर झूलते नंगे तार, टूटे और टेढ़े खंभे, लटकते केबल, खुले पावर बॉक्स और अव्यवस्थित जोडा़व आज स्थानीय लोगों के लिए गम्भीर खतरा बने हुए हैं।
बिजली चोरी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और इसकी बड़ी वजह है अधिकारियों की अनदेखी। हर रोज कई लोग खुले तारों और झूलते केबलों से ही अवैध कनेक्शन जोड़कर बिजली चोरी को अंजाम दे रहे हैं, जबकि विभागीय अधिकारी हालात देखने तक नहीं पहुंचते।
नगर के लोगों का कहना है कि आरडीएसएस योजना के तहत करोड़ों रूपये से किए गए कार्य आज गुणवत्ता और मानकों पर बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं। नई लाइनें और केबल तो लगा दिए गए, लेकिन बिना किसी मानक के, बिना सुरक्षा के, और बिना सही निरीक्षण के। नतीजा आज आधे से अधिक बलदेव नगर की बिजली लाइनें किसी भी वक्त बड़े हादसे को न्योता दे रही हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार तत्कालीन एसई देहात व चीफ इंजीनियर से मौके पर जांच की मांग रखी गई, लेकिन आज तक किसी भी अधिकारी ने ग्राउंड पर आकर वास्तविक स्थिति देखने की जहमत नहीं उठाई। हाल यह है कि बीते दिन विभाग के नवागत अधिकारी आए भी तो केवल प्रतीकात्मक रूप से एक स्थान देखकर लौट गए, जबकि पूरे नगर में स्थितियाँ बेहद दयनीय बनी हुई हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर बड़े स्तर पर तुरंत सुधार नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में बिजली हादसे बढ़ सकते हैं, क्योंकि कई जगहों पर तार घरों की छतों और गलियों के बिल्कुल ऊपर से गुजर रहे हैं। अतिक्रमण, अव्यवस्थित लाइनें और खुले जोड़ मिलकर किसी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
बलदेव निवासी सुधीर अग्रवाल का कहना है कि कईयों बार उच्चाधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन कोई अधिकारी आज तक जांच को नहीं पहुंचा। एसई और चीफ इंजीनियर तक वाट्सएप पर शिकायत दर्ज करायी, बावजूद कोई एक्शन नहीं हुआ।
नागरिकों ने फिर मांग की है कि विभागीय अधिकारी स्थिति का व्यापक निरीक्षण कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करें, ताकि बलदेव के लोगों को सुरक्षित और मानक के अनुरूप बिजली व्यवस्था मिल सके।
चीफ साहब! बलदेव में रोज हजारों श्रद्धालुओं का आवागमन
स्थानीय बलदेव विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पांडेय का कहना है कि यह बलदेव नगर भगवान श्रीकृष्ण के बडे़ भ्राता बलदेव जी की नगरी है। यहां हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन को आते हैं। पिछले दो वर्ष से विद्युत की अव्यवस्था ने बलदेव वासियों को रूला रखा है। जगह-जगह हाल बेहाल हैं। श्रद्धालु भी इस अव्यवस्था से खासे नाराज रहते हैं।
———-
जो जगह एसडीओ प्रकाश सिंह ने दिखाई है, वह देखी। मीटिंग की वजह पूरा बलदेव की अव्यवस्थाओं को नहीं देख पाए। कभी और निरीक्षण के लिए आएंगे।
सत्यप्रकाश पांडेय
एसई देहात, मथुरा

