नई दिल्ली : केरलम के तिरुवनंतपुरम जिले के नेडुमंगड में लगातार शारीरिक प्रताड़ना और मारपीट से डेढ़ साल के बच्चे अर्शित की मौत हो गई। पुलिस ने उसकी मां अखिला (24) और लिव-इन पार्टनर अश्कर (31) को 31 मई को गिरफ्तार किया।
आरोपी अश्कर 29 मई की शाम बच्चे को गंभीर हालत में तिरुवनंतपुरम के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा था। उसने डॉक्टरों से कहा कि बच्चे के गले में खाना फंस गया था, लेकिन भर्ती होने के कुछ मिनट बाद उसकी मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर 51 चोटों के निशान मिले। पैरों पर सिगरेट और लाइटर से जलाने के निशान थे। निजी अंगों पर भी चोटें थीं। मौत का कारण गंभीर इंटरनल ब्लीडिंग बताया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

केरलम पुलिस 31 मई को आरोपी अश्कर को उसके किराए के घर ले गई, जहां बच्चे के साथ मारपीट हुई थी।
बच्चे का सिर दीवार पर मारता था आरोपी
जांच में पता चला कि बच्चे के बायोलॉजिकल पिता की 2024 में मौत हो चुकी थी। अखिला अपने बच्चे के साथ लिव-इन पार्टनर अश्कर के साथ रहती थी। इस दौरान अश्कर बच्चे को प्रताड़ित करता रहा।
अश्कर बच्चे का सिर दीवार पर मारता था। उसने कई बार बच्चे के पैर लाइटर और सिगरेट से जलाए। मां को इसकी जानकारी थी, लेकिन उसने उसे रोकने की कोशिश नहीं की और न ही पुलिस में शिकायत की।
दो हफ्ते पहले बच्चे के हाथों पर पट्टियां बंधी थीं
दो हफ्ते पहले आरोपी मां बच्चे को गोद में लिए एक व्लॉगर के वीडियो में दिखी थी। तब बच्चे के दोनों हाथ टूटे हुए थे और उन पर प्लास्टर चढ़ा था। व्लॉगर के पूछने पर मां ने कहा था कि बच्चा साइकिल से गिर गया था।
पुलिस को शक है कि मारपीट के दौरान बच्चे के हाथ टूट गए थे। बच्चे की मौत के समय उसकी मां तमिलनाडु में एक डांस कार्यक्रम में गई हुई थी। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाकर बाद में गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो में मां बच्चे को गोद में लिए हंस रही थी।
बच्चे की नानी ने पहले ही जताया था शक
बच्चे की नानी रीना ने स्थानीय मीडिया को बताया कि उन्हें पहले से ही अश्कर पर शक था। उन्होंने कई बार अपनी बेटी से बच्चे को उनके पास छोड़ने की गुजारिश की, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।
रीना का आरोप है कि बच्चे की पट्टियों वाली तस्वीर देखकर उन्हें लगा था कि अश्कर ने उसे मारा होगा। उन्होंने पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन उस पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई।
अशकर पर अपनी पत्नी से भी घरेलू हिंसा के आरोप
आरोपी अश्कर की पहली पत्नी की मां ने भी उस पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि शादी के दौरान अश्कर उनकी बेटी को बुरी तरह पीटता था और उसका सिर दीवार से टकराता था।
पुलिस के मुताबिक, अश्कर के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। हालांकि उसके पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी।

