नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ : देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसूनी बारिश जारी है। उत्तराखंड में शनिवार से भारी बारिश जारी है। यहां चारधाम यात्रा अगले 24 घंटे के लिए रोक दी गई है। यात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, सोनप्रयाग और विकासनगर में ही रोकने के आदेश दिए गए हैं।
उत्तरकाशी में यमुनोत्री मार्ग पर बादल फटने से निर्माणाधीन होटल में काम करने वाले 8 से 9 मजदूर लापता हैं। यहां बागेश्वर में सरयू नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया है। अलकनंदा और सरस्वती भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
उत्तराखंड में बादल फटने की तस्वीरें…

उत्तरकाशी के सिलाई बैंड इलाके में बादल फटने की घटना में निर्माणाधीन होटल में रह रहे 9 मजदूर लापता हो गए हैं।

उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि यमुनोत्री मार्ग भी इस आपदा से प्रभावित हुआ है। यहां राहत-बचाव कार्य जारी है।
35 राज्यों-UT में पहुंचा मानसून, आज बारिश का अलर्ट
देश के 35 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में मानसून पहुंच चुका है। देशभर में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में भी आज मानसून पहुंच सकता है। दिल्ली-NCR में शनिवार को कई जगह तेज बारिश हुई थी।
राज्यों से मौसम की तस्वीरें…

चंडीगढ़-शिमला फोरलेन पर रविवार सुबह लैंडस्लाइड से चक्की मोड़ के पास मलबा जमा हो गया।

उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड में कार मलबे में दब गई।

ओडिशा के मयूरभंज में भारी बारिश से देव नदी उफान पर आ गई और जमुआ घाट पुल ढह गया।

दिल्ली के इंदिरागांधी एयरपोर्ट के पास शनिवार शाम को करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई।

मध्य प्रदेश के सतना में भारी बारिश के बाद निचले इलाकों में पानी भर गया। सड़कें भी डूब गईं।

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर आने के बाद निचले इलाकों में पानी भर गया।

बिहार के वैशाली में पीपा पुल बंद हो जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान तेज बारिश हुई। हालांकि श्रद्धालु तब भी डटे रहे।

