नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ : हिमाचल प्रदेश के चंबा और मंडी जिले में बादल फट गया है। इससे राज्य में 5 पुल बह गए हैं। चंबा में कंघेला नाले पर बना पुल बह गया। वहीं, मंडी जिले की चौहार घाटी में एक वाहन-यातायात और तीन पैदल पुल बह गए।
हिमाचल प्रदेश में 20 जून को मानसून की एंट्री हुई थी। तब से लेकर 4 जुलाई तक बाढ़-लैंडस्लाइड की घटनाओं में 75 लोगों की मौत हो चुकी है। 288 लोग घायल हैं। बादल फटने की घटनाओं में सबसे ज्यादा 14 मौतें मंडी जिले में हुई हैं। यहां 31 लोग अभी भी लापता हैं। राज्य में आज भी तेज बारिश का रेड अलर्ट है।
झारखंड में शनिवार को तेज बारिश हुई। रामगढ़ जिले के महुआ टांगरी में सुबह के वक्त अवैध कोयला खदान धंस गई। इसमें 4 लोगों की मौत और 4 घायल हो गए। राज्य में सोमवार सुबह तक तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से बाढ़ के हालात हैं। तेज बारिश के कारण मंडला जिले में नर्मदा नदी उफान पर है। इधर, नरसिंहपुर को होशंगाबाद से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे पर मौजूद पुल ढह गया।
बिहार के 18 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तेज हवा भी चल सकती है। शनिवार को अररिया, मुंगेर में बारिश हुई। सासाराम में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि एक महिला झुलस गई।
राज्यों से मौसम की तस्वीरें…

महाराष्ट्र के रत्नागिरी में खेड़ के रघुवीर घाट पर लैंडस्लाइड हुई। 15 दिनों में यह तीसरी घटना है।

मध्य प्रदेश के मंडला में तेज बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं।

महाराष्ट्र के भिवंडी में तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा उफान पर हैं। नदी के बीच में स्थित नर्मदा मंदिर समेत कई मंदिर डूब गए हैं।

राजस्थान के सवाई माधोपुर में तेज बारिश के बाद सड़कों पर 2 फीट से ज्यादा पानी भर गया।

मध्य प्रदेश में नरसिंहपुर को होशंगाबाद से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे पर मौजूद पुल ढह गया।