नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश में गंगा और यमुना उफान पर हैं। 15 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। वाराणसी में 65 घाट गंगा में डूबे हैं, जहां NDRF तैनात है।
लखीमपुर में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण 250 गांव में पानी भर गया है। करीब 2.50 लाख लोग प्रभावित हैं।
मध्य प्रदेश के मुरैना में तालाब फूटने से 4 गांवों में पानी घुस आया है। इस कारण 20 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में बारिश के चलते पिछले 2 दिनों में 26 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जयपुर समेत 4 जिलों में स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा में पहाड़ दरकने से 2 लोगों की मौत हो गई। उधर, श्रीनगर में खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा रोक दी गई।
UP में मानसून सीजन में 33 जिलों में बाढ़, 17 लोगों की मौत
- उत्तर प्रदेश में इस मानसून सीजन में 33 जिलों में बाढ़ आ चुकी है। इसमें कुल 17 लोगों की मौत हुई है।
- UP-उत्तराखंड और हरियाणा की सीमा पर स्थित हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
- इसकी वजह से यमुना का जलस्तर बढ़कर एक लाख क्यूसेक पहुंच गया है। इसका असर सहारनपुर समेत कई जिलों में पड़ेगा।
हिमाचल में लैंडस्लाइड के कारण 2 नेशनल हाईवे बंद
- हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड-बाढ़ के कारण शिमला-किन्नौर सहित 2 नेशनल हाईवे और 195 सड़कें बंद हैं। ऊना में 11 अगस्त को 3 लड़कियां बाढ़ में बह गईं।
- 27 जून से 12 अगस्त के बीच हिमाचल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 110 लोग मारे गए हैं। राज्य को लगभग 1,004 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
देशभर से बारिश की तस्वीरें..

मध्य प्रदेश के मुरैना में टोंगा तालाब फूट गया है। यह तालाब 140 साल पुराना है। इससे करीब 25 गांवों में सिंचाई होती है।

हिमाचल प्रदेश के शिमला में निर्माणाधीन टनल गिर गई। यह टनल कालका-शिमला फोरलेन पर बन रही थी।

तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले के कावेरीपट्नम में तेज बारिश हुई। इससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया।

हिमाचल प्रदेश में शिमला-किन्नौर नेशनल हाईवे पर पहाड़ दरक गया। इससे किन्नौर जिले का शिमला से संपर्क टूट गया।

दिल्ली में सोमवार को तेज बारिश हुई। कर्तव्य पथ पर बारिश से बचने के लिए लोग बंकरनुमा शेल्टर में रुके।

हरियाणा के गुरुग्राम में भारी बारिश के चलते दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस वे सर्विस रोड पर पानी भर गया।

तमिलनाडु के सलेम में भारी बारिश के चलते मेटूर बांध के गेट खोल दिए गए हैं। इससे कई निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका है।

राजस्थान के जयपुर में बारिश के चलते सीकर रोड के बड़े हिस्से में पानी भर गया। लोगों को गाड़ी चलाने में दिक्कतें हुईं।

बिहार के कटिहार के मोहना चांदपुर पंचायत में बाढ़ का पानी घुस गया है। सड़कों पर नाव चलाई जा रही है।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा किनारे के 65 घाट डूब गए हैं। मंदिर के बगल में बने हॉल के छत पर हो रहे हैं।

राजस्थान के टोंक में जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर कई जगहों पर 2 फीट तक पानी भर गया। यहां आज भी अलर्ट है।
14 अगस्त को 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
- मौसम विभाग के मुताबिक, 14 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी से भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 12 CM तक पानी गिर सकता है।
- असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और लक्षद्वीप में भी बारिश का अनुमान है। यहां 7 CM तक पानी गिर सकता है।