- जयपुर के गोकुलपुरा में खराब सड़कों और जल निकासी व्यवस्था के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन हुआ
जयपुर : जयपुर में गोकुलपुरा इलाके में हर तरफ लोग अपने मोबाइल का कैमरा ऑन किए खड़े थे। उनके सामने दो एस्ट्रोनॉट खड़े थे, जिन्हें हर कोई अपने कैमरे में दर्ज कर लेना चाहता था। ये एस्ट्रोनॉट कोई और नहीं, बल्कि वहीं रहने वाले लोग थे, जिन्होंने प्रदर्शन के लिए अनोखा रास्ता अपनाया था।
गोकुलपुरा के वार्ड 46 और 47 के लोगों ने सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे थे प्रताप सर्कल रोड पर विरोध प्रदर्शन किया। दो प्रदर्शनकारी एस्ट्रोनॉट की तरह कपड़े पहन कर आए थे और सड़क पर पानी से भरे गड्ढों में जाकर खड़े हो गए।
खराब सड़कों के खिलाफ प्रदर्शन
उनका विरोध सड़कों की खराब हालत और खस्ताहाल हो चुके ड्रेनेज सिस्टम को लेकर था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सड़कों की हालत हाल में हुई बारिश के बाद और खराब हो गई है। उन्होंने विधायक और सांसद पर बात न सुनने के गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले 3 महीने से वे झोटवाड़ा के विधायक और मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, जयपुर ग्रामीण के सांसद राव राजेंद्र सिंह, पूर्व पार्षदों और जयपुर विकास प्राधिकरण और जयपुर नगर निगम के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई भी उनकी बात नहीं सुन रहा।
उन्होंने कहा कि कई बार वे राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से मिलने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन उनका स्टाफ हर बार कहता है कि वे व्यस्त हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब हमारे यहां सड़कों पर गड्ढे चांद और मंगल ग्रह जैसे दिखते हैं, तो रॉकेट पर अरबों रुपये क्यों खर्च किए जा रहे हैं।

