Breaking
Sat. Apr 25th, 2026

मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया, राजस्थान में जमकर सताएगी गर्मी

  • अगले हफ्ते 2-4 डिग्री तक बढ़ सकता है पारा
  • राजस्थान के पश्चिमी, दक्षिणी व पूर्वी भागों में 5-6 अप्रैल से अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री होने से 6-9 अप्रैल को कुछ भागों में लू चलने के आसार हैं

जयपुर : राजस्थान में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है और मौसम विभाग ने आगामी दिनों में कई जगह गर्म हवाएं चलने की चेतावनी दी है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार इस समय राज्य के अधिकतर भागों में अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है जो सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। शुक्रवार तक राज्य में सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 42.4 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम केंद्र के अनुसार अगले चार-पांच दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा अधिकतम तापमान में और दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

राजस्थान के पश्चिमी, दक्षिणी व पूर्वी भागों में 5-6 अप्रैल से अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री होने से 6-9 अप्रैल को कुछ भागों में लू चलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने शनिवार से दो जिलों में लू चलने की बात कही है, जो आठ अप्रैल तक जारी रहेगी। आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी ली चलने का अनुमान जताया गया है। 8 अप्रैल को 23 जिलों में लू चल सकती है।

एक सप्ताह तक रहेगा लू का कहर

आईएमडी ने शुक्रवार को बताया कि अगले छह दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में लू चलने और दिल्ली में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। विभाग के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों में दक्षिणी हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, गुजरात, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश शामिल हैं। आईएमडी ने बताया कि इस अवधि के दौरान मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है। दिल्ली में छह या सात अप्रैल तक कुछ स्थानों पर दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। 

यूपी-ओडिशा में 10-11 दिन चल सकती है लू

मौसम विभाग ने इस सप्ताह की शुरुआत में बताया था कि भारत में अप्रैल से जून तक सामान्य से अधिक तापमान रहने का अनुमान है, साथ ही मध्य एवं पूर्वी भारत और उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में लू चलने का अनुमान है। भारत में आमतौर पर अप्रैल से जून के बीच चार से सात दिन लू चलने के दर्ज किए जाते हैं। जिन राज्यों में सामान्य से अधिक लू वाले दिन रहने का अनुमान है, उनमें राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के उत्तरी हिस्से और तमिलनाडु शामिल हैं। उत्तर प्रदेश (पूर्वी क्षेत्र), झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे कुछ राज्यों में इस अवधि के दौरान 10 से 11 दिन तक लू चल सकती है। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *