बदायूं\संभल : संभल में शुक्रवार की शाम भीषण हादसे में बोलेरो में सवार दूल्हा, उसकी भाभी समेत 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हैं। हादसे की सूचना पर शादी वाले घर में मातम छा गया। बारातियों के स्वागत की तैयारियों में लगे परिजन और रिश्तेदार मौके की ओर दौड़ पड़े। दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही दुल्हन चीख पड़ी। वो अपने हाथों की मेहंदी देखकर रात भर रोती रही और बेसुध हो गई। परिवार की महिलाएं पहले खुद को संभालतीं फिर दुल्हन को ढांढस बंधाती दिखीं।
घर का मंजर देखकर गांव के लोगों की आंखें नम हैं। हर कोई सिर्फ हादसे की बातें कर रहा है। माता पिता संभल चले गए हैं। जबकि घर में चाचा-चाची समेत अन्य रिश्तेदार हैं। हादसा तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र में हुआ। बारात बदायूं के सिरसौल गांव आ रही थी।
बदायूं में जहां बारात आनी थी, उस गांव सिरसौल में चारों तरफ मातमी सन्नाटा पसरा मिला। घर के बाहर लोग रोते बिलखते नजर आए। पूरे गांव में चूल्हे नहीं जले।


दुल्हन अंजू रातभर रोती रही। कई बार बेसुध हो गई। घर की महिलाएं अंजू को संभालती रहीं।
पहले हादसे पर एक नजर डालते हैं
संभल में शुक्रवार की शाम एक बोलेरो बेकाबू होकर एक इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने गाड़ी के दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला। तबतक दूल्हा, उसकी भाभी समेत 5 की मौत हो चुकी थी। जबकि दूल्हे की बहन समेत 3 ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में 2 घायल हैं। दोनों की हालत नाजुक है। उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। गाड़ी में 10 लोग सवार थे। बारात महज 2 किमी दूर बदायूं के सिरसौल गांव जा रही थी।
घटना से जुड़ी तस्वीरें…

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। एक युवक महिला का शव पकड़कर रोने लगा।

हादसे में घायल बच्ची को सीएचसी लाया गया। यहां उसका इलाज किया गया।

हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद पुलिस और आसपास के लोग घायलों को गाड़ी से बाहर निकालने में जुट गए।

बदायूं मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर सिरसौल गांव है। यहां के रहने वाले राजू की बेटी अंजू (20) की शादी संभल के हर गोविंदपुर गांव के सूरज (24) के साथ तय हुई थी। राजू के परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं। इनमें अंजू सबसे बड़ी है। अंजू की कल बारात आना थी। इससे छोटी बेटी आरती है। जबकि दो छोटे बेटे मानव और अरुण हैं। इनकी उम्र सात व आठ साल है। राजू के पास महज एक बीघा जमीन है, वो भी पुश्तैनी है। वह बटाई पर जमीन लेकर हिमाचल प्रदेश में खेती करते हैं।

अंजू के घर में दहेज का सामान रखा रह गया।
दूल्हे का इंतजार कर रही थी दुल्हन
दुल्हन की चाची शीला ने बताया- अंजू शादी को लेकर बहुत खुश थी। वो हमारे घर की बड़ी बेटी है, घर में पहली बार शादी जैसा बड़ा फंक्शन हो रहा था। वो लाल जोड़ा लेकर दरवाजे की तरफ देख रही थी कि बारात आने वाली है। लेकिन काफी इंतजार के बाद जब बारात नहीं आयी तब अंजू ने अपने मंगेतर को कॉल की थी लेकिन कॉल पिक नहीं हुई। उसके बाद घर में चीख पुकार मची। अंजू को जैसे ही पता चला कि उसके होने वाले पति सूरज की जान चली गई तो वो चीखने चिल्लाने लगी। शादी का जोड़ा फेंक दिया। रोते बिलखते छत पर चली गई। वहां जांकर खूब रोई।और रोते रोते बेसुध हो गई। किसी तरह पानी की छीटें डालकर उसे होश में लाये। जैसे ही होश में आई तो फिर दूल्हे को याद करके चीखने लगी।
संभल हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा

संभल : यूपी के संभल में हुए हादसे 8 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उनका अलीगढ़ मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के हवाले से लिखा, ‘संभल, उत्तर प्रदेश में दुर्घटना के कारण जानमाल के नुकसान से गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।’