Breaking
Sun. Aug 2nd, 2026

पत्नी ने पिलाया जहरीला कोल्ड ड्रिंक, फिर साड़ी से गला घोंटकर की पति की हत्या; 20 साल पहले की थी लव मैरिज

  • पीलीभीत में एक महिला को पुलिस ने पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है, बताया जा रहा है कि 20 साल पहले दोनों की लव मैरिज हुई थी

पीलीभीत: जिले के माधवटांडा थाना क्षेत्र के लोहरपुरी गांव में एक पत्नी ने प्रेमी के साथ रहने के लिए पति की हत्या कर दी। महिला ने रात में पहले पति को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई और फिर साड़ी से उसका गला कसकर मार डाला। वारदात के बाद महिला घर छोड़कर फरार हो गई। रात में बच्चों ने जब खटपट की आवाज सुनी और बिस्तर पर जाकर देखा तो पिता बेसुध पड़े थे। काफी देर तक आवाज देने और हिलाने पर जब कोई हरकत नहीं हुई तो उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। मृतक के बेटे ने रात में ही थाने पहुंचकर पूरे घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी दौरान आरोपी महिला घर से कुछ दूरी पर छिपी हुई मिली, जहां से गांव वालों ने महिला को पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस, महिला को हिरासत में लेकर थाने गई जहां महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

दरअसल, लोहरपुरी गांव के उमाशंकर (42) खेती किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। 20 साल पहले उन्होंने 37 वर्षीय ममता से लव मैरिज की थी। दोनों का एक 18 वर्ष का बेटा विकास और एक 12 वर्ष की बेटी है। विकास गांव के कुछ लोगों के साथ रात करीब ढाई बजे थाने पहुंचा और पिता की हत्या की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को शाम करीब 6 बजे उसकी मां ममता कोल्ड ड्रिंक लेकर आई थी। उसने पहले खुद पी और फिर मुझे और मेरे भाई विकास से पीने के लिए कहा, लेकिन हमने माना कर दिया। 

गले में लिपटी मिली साड़ी

इसके बाद मां छत पर पिता के लिए बिस्तर लगाने चली गई। जहां पिताजी को कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद दोनों छत पर ही रुक गए। दोनों बच्चे नीचे कमरे में सोने चले गए। छोटी बेटी ने बताया कि रात में अचानक खटपट की आवाज हुई तो भाई को जगाया। दोनों ने ऊपर छत पर जाकर देखा तो वहां मां नहीं थी और पिता बिस्तर पर पड़े थे। उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई हरकत नहीं हुई और उनके गले में साड़ी लिपटी मिली। इसके बाद पड़ोसियों को बुलाया गया। घटना के बाद मृतक का बेटा विकास गांव वालों के साथ थाने पहुंचा। उसने पुलिस को पूरी घटना की सूचना दी। 

300 मीटर छिपी मिली महिला

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसके बाद वह गांव वालों के साथ मिलकर ममता को ढूंढने लगे। इसी दौरान वह घर के करीब 300 मीटर दूर ग्रामीणों को मिली, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को परिजनों से जानकारी मिली कि साल 2024 में उमाशंकर गुजरात कमाने गया था। कुछ समय बाद उमाशंकर की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उसकी पत्नी ममता उसकी देखभाल करने वहां गई थी। वहीं पर ममता का नकुम भावेश नाम के युवक के साथ अफेयर हो गया। 

प्रेमी के चक्कर में की पति की हत्या

उमाशंकर को जब यह बात पता चली तो पति और पत्नी में खूब लड़ाई हुई। इसके बाद ममता ने गुजरात में ही भावेश से कोर्ट मैरिज कर ली। 6 महीने बाद जुलाई में उमाशंकर अपनी पत्नी को लेकर पीलीभीत आ गया। इसके बाद दोनों अपने बेटे और बेटी के साथ गांव में ही रहने लगे। आए दिन ममता अपने प्रेमी के साथ जाने की बात कहती थी, जिस पर दोनों के बीच खूब लड़ाई भी होती थी। परिजनों ने आशंका जताई कि इसीलिए उसने उमाशंकर की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *