दैनिक उजाला, मथुरा: जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्लेसमेंट के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, अनुशासन, मेहनत और नवाचार क्षमता के बल पर 97 प्रतिशत का उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड दर्ज कराया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को दर्शाती है, बल्कि विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षण, उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण का भी प्रमाण है।
इस वर्ष आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें टाटा पावर, जैक्सन, कमिंस, विवो, केईआई वायर्स एंड केबल्स, सिक्योर मीटर्स, काउंटी ग्रुप, त्रिजाल इलेक्ट्रिक, तत्त्व इंटीरियर्स पैरामाउंट सहित अनेक नामी कंपनियाँ शामिल रहीं। कंपनियों ने विद्यार्थियों की तकनीकी जानकारी, प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल, इंडस्ट्रियल अप्रोच और प्रोफेशनल व्यवहार का मूल्यांकन कर विभिन्न पदों पर चयन किया।
सबसे अधिक 9.25 लाख रुपये वार्षिक पैकेज कमिंस इंडिया द्वारा प्रदान किया गया, जिसमें छात्र तुषार उपाध्याय का चयन हुआ। वहीं विभाग का औसत पैकेज 5.20 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा। यह उपलब्धि दर्शाती है कि विद्यार्थियों को न केवल बड़ी संख्या में अवसर प्राप्त हुए, बल्कि उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों में आकर्षक करियर विकल्प भी मिले। यह दर्शाता है कि विद्यार्थियों को न केवल बड़ी संख्या में अवसर प्राप्त हुए, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण और आकर्षक करियर विकल्प भी मिले।
विद्यार्थियों की उपलब्धियों में उमेश कुमार का टाटा पावर और सिक्योर मीटर्स में चयन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। वहीं डॉली परिहार का चयन जैक्सन और एम्बर एंटरप्राइजेस में हुआ। इसके अतिरिक्त अंकित कुमार, दीपांशु दिवाकर, माधव अग्रवाल, नीरज सिंह, प्रशांत वार्ष्णेय, वंश शर्मा और एंजेल शर्मा जैसे कई विद्यार्थियों ने एक से अधिक कंपनियों में चयन प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सिक्योर मीटर्स में पांच, काउंटी ग्रुप में चार, त्रिजाल इलेक्ट्रिक में तीन तथा तत्त्व इंटीरियर्स पैरामाउंट और जैक्सन में दो-दो विद्यार्थियों का चयन हुआ।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग विद्यार्थियों के तकनीकी और व्यावसायिक विकास के लिए वर्षभर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करता है। विभाग में आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट क्लासरूम, इंडस्ट्री आधारित प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और लाइव प्रोजेक्ट्स के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। इसके साथ ही तकनीकी कार्यशालाएं, इंडस्ट्रियल विजिट्स, मॉक इंटरव्यू, सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग, ग्रुप डिस्कशन सेशन तथा प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को मजबूत बनाते हैं। विभाग में विद्यार्थियों को ऊर्जा क्षेत्र, पावर सिस्टम, इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी, ऑटोमेशन और आधुनिक विद्युत प्रणालियों से जुड़ी नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी जाती है। विश्वविद्यालय में आयोजित टेक्निकल प्रतियोगिताएं, इनोवेशन एक्टिविटीज और इंडस्ट्री इंटरैक्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण के लिए तैयार करते हैं। यही कारण है कि जीएलए विश्वविद्यालय के विद्यार्थी लगातार राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयन प्राप्त कर रहे हैं।
चयनित छात्र उमेश कुमार ने अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि जीएलए विश्वविद्यालय में मिला प्रैक्टिकल नॉलेज, अनुभवी फैकल्टी का मार्गदर्शन और इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण उनके चयन में बेहद सहायक साबित हुआ। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई आधुनिक लैब सुविधाएं, तकनीकी प्रशिक्षण और मॉक इंटरव्यू से उनका आत्मविश्वास बढ़ा, जिससे वे प्लेसमेंट प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन कर सके।
विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विनय देवलिया एवं एसोसिएट विभागाध्यक्ष डा. आशीष शुक्ला ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक रूप से सक्षम बनाना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष और आत्मविश्वासी प्रोफेशनल तैयार करना है। उन्होंने कहा कि विभाग में आधुनिक शिक्षण पद्धति, प्रायोगिक प्रशिक्षण और उद्योगों से निरंतर संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
वहीं प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. अरविन्द कुमार यादव ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विद स्पेशलाइजेशन इन इलेक्ट्रिक व्हीकल, बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विद माइनर इन कंप्यूटर साइंस, एमटेक एवं पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।

