Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

उत्तर भारत में पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी, जानें मानसून को लेकर क्या है अपडेट; IMD ने क्या कहा?

दैनिक उजाला, डेस्क : केरल में इस बार मानसून ने समय से पहले ही दस्तक दे दी। हालांकि बीच में मानसून का असर कुछ कम हुआ, लेकिन मौसम विभाग ने 10 जून से दक्षिण भारत में फिर से बारिश का दौर शुरु होने के संकेत दिए हैं। वहीं उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। दिल्ली और यूपी-बिहार सहित कई राज्यों में तापमान 40 से ऊपर पहुंच गया है। इस बीच गर्मी से बेहाल उत्तर भारत के लोगों को मानसून का बेसब्री से इंतजार है। आइये जानते हैं कि उत्तर भारत में मानसून आने को लेकर मौसम विभाग ने क्या कहा है।

दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों बाद भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघायल में 11-14, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम में 10 से 13 जून तक भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में 8 और 9 जून को बारिश होने की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ में 9 से 10 जून और झारखंड में 11 से 14 जून तक हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इनके अलावा ओडिशा और अंडमान निकोबार में 8 से 12 जून तक बारिश हो सकती है।

उत्तर भारत में हीटवेव का अलर्ट

एक ओर जहां दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, वहीं उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक इससे राहत नहीं मिलने की बात कही है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में लू का प्रकोप देखने को मिल सकता है। करीब एक सप्ताह तक इन राज्यों में इसी तरह की गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। 

दिल्ली में झुलसाएगी गर्मी

वहीं राजधानी दिल्ली और एनसीआर की बात करें तो कई दिनों तक चली बारिश के बाद यहां भी गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप की वजह से हर दिन तापमान बढ़ता जा रहा है। दिन भर तेज धूप के साथ-साथ रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही। दिल्ली-एनसीआर में पारा 40 डिग्री के ऊपर चला गया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में तेज हवाएं चलने के आसार हैं। फिलहाल लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही। आईएमडी ने सोमवार को राजधानी में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। अगले तीन दिनों में तापमान के और भी बढ़ने की संभावना है।

कहां तक पहुंचा मानसून?

मानसून की बात करें तो केरल में इस साल समय से पहले मानसून ने दस्तक दे दी है। देश के कई राज्यों तक मानसून पहुंच गया है। आम तौर पर देशभर में 30 जून तक मानसून सक्रिय हो जाता है, लेकिन इस बार मानसून समय से पहले ही सक्रिय हो गया है। हालांकि अभी तक मानसून का असर दक्षिण भारत के राज्यों तक ही देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत की बात करें तो मौसम विभाग ने अभी आने वाले कई दिनों तक गर्मी से राहत के संकेत नहीं दिए हैं। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *