Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

मथुरा के बलदेव में 18 घंटे से बिजली गुल, रात्रि को अफसर कुम्भकर्णींय नींद सोते रहे जागते रहे बलदेववासी, अधिकारियों ने नहीं उठाये फोन

  • रविवार शाम की गई लाइट अभी तक नहीं, पूरी रात भीषण गर्मी में मच्छरों से जूझते रहे बलदेववासी
  • एक्शियन से लेकर एसई और चीफ इंजीनियर तक ने नहीं उठाये फोन
  • 33 केवी लाइन में प्रतिदिन फॉल्ट बताकर 12 से 14 घंटे काटी जा रही लाइट

दैनिक उजाला, बलदेव/मथुरा : मथुरा जनपद के बलदेव क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था बिल्कुल चौपट है। एक्शियन से लेकर एसई देहात और चीफ इंजीनियर तक सब कुम्भकर्णींय नींद सोये हुए हैं। हजारों बार बलदेववासी विद्युत समस्या के समाधान के लिए गुहार लगा चुके हैं, लेकिन क्या मजाल जो इन अधिकारियों के कान पर जूं तक रेंगती हो।

रविवार की शाम से बलदेव क्षेत्र में बिजली गुल है। बिजली गुल होने के बाद स्थानीयों ने करीब एक घंटे तक तो आने का इंतजार किया, लेकिन दो से ढाई घंटे बीतने पर बलदेववासियों ने विद्युत अधिकारियों को फोन लगाना शुरू कर दिया, लेकिन एक्शियन, एसई देहात तथा चीफ इंजीनियर तक ने फोन नहीं उठाये। पूरी रात ये अधिकारी मथुरा में चैन की नींद लेते रहे, लेकिन बलदेववासी भीषण गर्मी में मच्छरों से जूझते रहे। समाचार लिखे जाने तक विद्युत की व्यवस्था बिल्कुल चौपट थी।

बलदेव के चीनू पांडेय कहते हैं कि बलदेव तीर्थ स्थल क्षेत्र है, लेकिन विद्युत अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर रखा है। फॉल्ट के नाम पर प्रतिदिन 12 से 14 घंटे बिजली गुल हो रही है। अधिकारी फोन नहीं उठाते। एसई देहात ने तो बलदेव क्षेत्र का निरीक्षण करना ही छोड़ दिया है। चीफ इंजीनियर किसी की सुनते नहीं हैं। चीफ इंजीनियर को भी रात्रि को फोन लगाया, लेकिन एक भी फोन अटेंड नहीं किया।

बलदेव विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पांडेय कहते हैं कि भाजपा सरकार में विद्युत अधिकारी अपनी मनमर्जी पर उतारू हैं। एसई देहात और चीफ इंजीनियर फोन तक नहीं उठाते, निचले स्तर पर लगे अधिकारी अनदेखी करते हैं। आखिर कहां क्या कहा जाय। कौन सुनेगा?

करोड़ों के आरडीएसएस कार्यों में भ्रष्टाचार की बू

बलदेव क्षेत्र में करोड़ों रूपए से आरडीएसएस योजना के तहत विद्युत सुदृढ़ीकरण हुआ। इसके बावजूद भी हालात ऐसे हैं कि समूचे बलदेव क्षेत्र में तार झूल रहे हैं। खंभे जर्जर पडे़ हुए हैं। अधिकतर खंभों पर मिनी बिजलीघर सजे हुए हैं। अधिकारियों ने एक दिन भी आरडीएसएस के कार्यों का निरीक्षण तक नहीं किया। सब कुछ मिलीभगत के चलते आरडीएसएस योजना में भ्रष्टाचार की बू फैल गयी। यही कारण है कि आज बलदेववासी विद्युत अव्यवस्था से जूझ रहे हैं।

बिजली गुल होने के कारण स्कूलों की जल्द हुई छुट्टी

भीषण गर्मी में भारी विद्युत कटौती को लेकर गायत्री पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने करीब 11 बजे ही बच्चों की छुट्टी कर दी। बच्चों ने बताया कि स्कूल में पंखे नहीं चल रहे थे और गर्मी लग रही थी, बच्चे गर्मी के कारण अकुला रहे थे। इसलिए जल्द छुट्टी कर दी। ऐसे ही कई स्कूलों में बच्चों की जल्द छुट्टी हुई।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *