पटना : नीतीश कुमार कल यानी गुरुवार को दोपहर 1.30 बजे गांधी मैदान में CM पद की शपथ लेंगे। इससे पहले बुधवार सुबह 11 बजे पटना के बीजेपी ऑफिस में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है। विजय सिन्हा को विधानमंडल का उपनेता चुना गया है।
अब ये तय हो गया है कि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ही नई सरकार में डिप्टी CM होंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पटना पहुंचेंगे। नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद वे बीजेपी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में मंत्रियों की लिस्ट फाइनल होगी। इसके बाद 3.30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA की बैठक होगी।
इधर, सूत्रों के अनुसार चिराग पासवान ने NDA में 2 मंत्री पद और डिप्टी CM पद की डिमांड रखी है। चिराग अपने बहनोई अरुण भारती का नाम बढ़ा सकते हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में LJP(R) ने 19 सीटें जीती हैं।

BJP विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया है।
विधायक दल के नेता के चुनाव से पहले केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी गई थी। बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया, जबकि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी मिली। सभी मंगलवार रात ही पटना पहुंच गए थे।

3.30 बजे NDA विधायक दल की मीटिंग होगी
दोपहर 3.30 बजे सेंट्रल हॉल में NDA विधायक दल की बैठक होगी। इसमें बीजेपी, जदयू, एलजेपी (आर), हम, आरएलएम के सभी 202 विधायक मौजूद रहेंगे। मीटिंग में नीतीश कुमार, चिराग पासवान, संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा भी रहेंगे।
इसमें सभी दल अपने द्वारा चुने गए विधायक दल के नेता पर चर्चा करेंगे। NDA नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुनेगा।
इधर, विधायक दल का नेता बनने के बाद नीतीश शाम 5.30 बजे राज्यपाल को एक ओर इस्तीफा सौंपेंगे तो दूसरी ओर से सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
सम्राट चौधरी ने कहा- साथ मिलकर बिहार का विकास करेंगे
बिहार भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा, “पार्टी को बहुत धन्यवाद देता हूं कि पार्टी ने इतना बड़ा दायित्व दिया है…बिहार का विकास किया जाएगा।

