उत्तर प्रदेश : यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। नए साल पर भी बारिश और भयंकर ठंड का अलर्ट है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी यूपी के 17 जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि काशी-प्रयागराज समेत पूर्वी यूपी में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इससे गलन और बढ़ेगी।
इस बीच आज सुबह से कानपुर, गोरखपुर, समेत 37 जिले कोहरे की चपेट में हैं। कई जगह विजिबिलिटी शून्य रिकॉर्ड की गई। इससे सड़कों पर कुछ देख पाना भी मुश्किल हो गया। सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है। अस्पतालों में हार्ट के मरीज 30% तक बढ़ गए हैं। आलू और सरसों की फसलों पर खतरा मंडराने लगा है।
प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान शिमला (10°C) और मसूरी (8.9°C) से भी कम रहा। मंगलवार की बात करें तो 25 से ज्यादा शहरों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। कानपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 4.6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद बाराबंकी (4.8°C) दूसरे, शाहजहांपुर (5.9°C) तीसरे, चुर्क (6°C) चौथे और हरदोई (6.5°C) पांचवें नंबर पर रहे।
कोहरे के चलते लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें 10 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। तेजस-शताब्दी जैसी VIP ट्रेनें का भी बुरा हाल है। वाराणसी समेत तमाम एयरपोर्ट्स पर 10 से अधिक फ्लाइटें भी कैंसिल कर दी गई हैं।
मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक भयंकर ठंड का अलर्ट जारी किया है। लोगों को बेवजह यात्रा से बचने की सलाह दी है। यूपी सरकार भी अलर्ट मोड में है। स्कूल-कॉलेजों में 1 जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है। अफसरों को तत्काल फील्ड में उतरने के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण प्रदेश में सर्दी में कमी के आसार नहीं हैं। अगले तीन दिनों में रात के साथ ही दिन में भी ठंड और बढ़ेगी। 1 जनवरी को बारिश की संभावना है।

प्रयागराज में कोहरा छाया हुआ है, विजिबिलिटी काफी कम है।

अयोध्या में कड़ाके की ठंड के बीच श्री राम जन्मभूमि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी की दूसरी वर्षगांठ पर भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

गाजियाबाद शहर में धुंध की परत छाई हुई है। सड़कों में 10 मीटर दूर भी देख पाना मुश्किल है।

नए साल 2026 से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचे। कड़ाके की ठंड पर भक्तों की आस्था भारी पड़ती दिखाई दी।

नोएडा के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी शून्य के करीब रिकॉर्ड की गई।
कन्नौज में बस से टकराई कार में लगी आग, कोहरे की वजह से हादसा
- कन्नौज में ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक और हादसा हुआ। यहां घने कोहरे के कारण एक कार आगे चल रही बस से टकरा गई। हादसा एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 165 पर हुआ।
- बताया गया कि टक्कर के बाद कार में आग लग गई। हालांकि, कार सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद रिकवरी क्रेन की मदद से कार को टोल प्लाजा पर खड़ा कराया गया। इसके बाद कार सवार दोनों व्यक्ति रोडवेज बस से लखनऊ रवाना हो गए।
- कार चालक की पहचान दिनेश पुत्र लालासर, निवासी सेक्टर-एच, अलीगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। वह आगरा से लखनऊ आ रहे थे। कार में उनके साथ अरविंद शर्मा पुत्र सतीश शर्मा, निवासी सेक्टर-एच, अलीगंज, लखनऊ भी मौजूद थे।
कासगंज में कड़ाके की ठंड, घने कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत
कासगंज में बुधवार को कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 8 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि आगे के दिनों मे तापमान मे और गिरावट की संभावना जताई गई है।
प्रयागराज में छाया घना कोहरा, सड़कों पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा
प्रयागराज में शाम से ही घना कोहरा छाया रहा। तापमान में गिरावट से गलन बरकरार है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा और मैक्सिमम 18 डिग्री सेल्सियस रहा। इस कंपकंपाती ठंड में लोग जगह-जगह अलाव का सहारा ले रहे हैं।
बाराबंकी में कोहरा छाया, अगले 2 दिन भीषण सर्दी की चेतावनी
बाराबंकी में कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी करीब 10 मीटर है। कोहरे के साथ पाला भी गिर रहा है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 2 दिनों तक सर्दी भीषण पड़ने की संभावना है।
फर्रुखाबाद में दो दिन बाद फिर घना कोहरा, IMD ने जारी किया अलर्ट
- फर्रुखाबाद में दो दिन बाद से कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी करीब 30 मीटर है। कोहरा के साथ पल भी गिर रहा है। सुबह 7:00 बजे कम ही लोग सड़कों पर दिखाई पड़ रहे। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस है।
- मंगलवार को सुबह से ही धूप निकल आई थी, इसलिए लोगों को रात मिली थी, लेकिन देर रात कोहरा पड़ने लगा था। मौसम विभाग की मानें तो आगामी तीन दिनों तक सर्दी भीषण पड़ने की संभावना है।
हापुड़ में कोहरे और सर्दी का कहर, सड़कों पर सन्नाटा
- हापुड़ में कोहरे और सर्दी का कहर जारी है। बुधवार सुबह भी क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिस कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई।
- ठंड के कारण लोग घरों में दुबकने के रहने को मजबूर रहे। अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया।
- हवा की रफ्तार बढ़कर 10 किलोमीटर प्रति घंटा पहुंच गई है। मौसम विभाग के अनुसार नए साल पर बारिश के आसार हैं।
बुलंदशहर में वंदे भारत 8 से 12 घंटे की देरी से पहुंच रही, अन्य ट्रेनें भी लेट
- बुलंदशहर में दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर स्थित खुर्जा जंक्शन स्टेशन पर घने कोहरे के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। पिछले कई दिनों से हो रही इस देरी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री रात भर प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर हैं।
- स्टेशन अधीक्षक घनश्याम मीणा ने बताया कि आनंद विहार से अयोध्या कैंट जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का खुर्जा जंक्शन पर ठहराव है। यह ट्रेन सामान्यतः सुबह 7:12 बजे खुर्जा जंक्शन पहुंचती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से कोहरे के कारण यह 8 से 12 घंटे की देरी से चल रही है। मंगलवार को यह ट्रेन दोपहर 3:04 बजे खुर्जा जंक्शन पहुंची।
- वंदे भारत के अलावा अन्य प्रमुख ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से आई, जबकि कालका जंक्शन से कोलकाता जाने वाली हावड़ा-कालका मेल तीन घंटे देरी से पहुंची।
- महानंदा एक्सप्रेस भी पिछले दिनों कई बार रद्द हुई है। टूंडला और टीएडी जैसी अन्य ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से लगातार लेट चल रही हैं, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है।
गाजियाबाद में रात से ही घना कोहरा छाया, AQI खतरनाक स्तर पर
गाजियाबाद में रात से ही घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह भी विजुअलिटी बहुत कम है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान जताया है। बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि दिन में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। आज हवा की गति 6 किमी प्रति घंटा से है। वहीं AQI 364 है। दिन में शीतलहर जैसा मौसम रहेगा।
अलीगढ़ में विजिबिलिटी 5 मीटर, AQI में 169 पहुंचा
अलीगढ़ में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी 5 मीटर है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। AQI में भी सुधार हुआ है, 169 दर्ज किया गया है। वहीं कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

